सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तारतम्य में पी.सी.पी.एन.डी.टी. एक्ट के प्रावधानों पर उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन एमपीटी होटल लेक व्यू में किया गया। जिसमें जिले के सभी सोनोग्राफी सेंटर के चिकित्सक शामिल हुए। स्वास्थ्य विभाग जिला भोपाल की ओर से आयोजित कार्यशाला को मुख्य अतिथि भोपाल महापौर मालती राय ने संबोधित किया। इस अवसर पर पार्षद ब्रजला सचान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल मनीष शर्मा जिला अभियोजन अधिकारी राजेंद्र उपाध्याय, वरिष्ठ चिकित्सक अनूप हजेला, शैलेश लुणावत उपस्थित रहे। इस अवसर पर एक्ट के अनुपालन में उल्लेखनीय कार्य करने वाले चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती मालती राय ने कहा कि चिकित्सकों के चिकित्सा दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक दायित्व से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय लिंग चयन निषेध पर जागरूकता करना भी है। चिकित्सा सेवा समाज का एक प्रतिष्ठित पेशा है और चिकित्सकों की बातों का प्रभाव लोगों पर सीधा पड़ता है। इसलिए बेटा – बेटी एक समान के संदेश को देना चिकित्सकों का नैतिक दायित्व है। बेटा हो या बेटी, दोनों का पालन, पोषण, आहार और शिक्षा समान रूप से होनी चाहिए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल मनीष शर्मा ने बताया कि कार्यशाला में में पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों और एक्ट उल्लंघन के वैधानिक पहलुओं की जानकारी दी गई। सोनोग्राफी केंद्र संचालकों को रिकॉर्ड कीपिंग, दस्तावेजों की प्रविष्टि,रिपोर्टिंग इत्यादि पर विस्तारपूर्वक बताया गया।
#पीसीपीएनडीटी #उन्मुखीकरण_कार्यशाला #कानूनी_जागरूकता #भोपाल #स्वास्थ्य_प्रशिक्षण