सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: शेयर बाजार में आज यानी शुक्रवार (2 फरवरी) को तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 72,300 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी 200 अंक से ज्यादा की तेजी है, ये 21,900 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 24 में तेजी और 6 गिरावट देखने को मिल रही है। आज IT, मेटल और बैंकिंग शेयर्स में ज्यादा तेजी है।

बाजार में तेजी की 4 वजह

रिलायंस और इंफोसिस जैसे ज्यादा वेटेज वाले शेयर्स में तेजी।

ग्लोबल बाजारों में तेजी के कारण भारतीय बाजार को सपोर्ट मिल रहा है।

विदेशी निवेशक भारतीय बाजार में निवेश बढ़ा रहे हैं।

बजट में राजकोषीय घाटे को 2025-26 तक घटकर GDP का 4.5% रहने का अनुमान।

पेटीएम का शेयर 2 दिन में 40% टूटा

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से ऑनलाइन पेमेंट सर्विस देने वाली कंपनी पेटीएम पर 31 जनवरी को लिए गए एक्शन का बड़ा असर कंपनी के शेयरों पर दिखाई दे रहा है। 2 दिनों में ही कंपनी का शेयर 40% टूट गया है। आज इसमें 20% का लोअर सर्किट लगा है। इससे पहले कल यानी गुरुवार को भी लोअर सर्किट लगा था। बता दें कि RBI ने 31 जनवरी को पेटीएम पेमेंट बैंक की बैंकिंग सेवाओं पर बैन लगाने का आदेश जारी किया था।

अडाणी एंटरप्राइजेज का नेट प्रॉफिट 2.3 गुना बढ़ा

अडाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने आज यानी गुरुवार (1 फरवरी) को फाइनेंशियल ईयर 2023-24 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) के नतीजे घोषित कर दिए हैं। Q3FY24 में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना (YoY) आधार पर 2.3 गुना यानी 130.29% बढ़कर 1,888.4 करोड़ रुपए रहा।

कंपनी ने पिछले साल की समान तिमाही में 820 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। ऑपरेशंस से Q3 में कंपनी का रेवेन्यू भी सालाना आधार पर 6.5% बढ़कर 28,336.4 करोड़ रुपए रहा। पिछले फाइनेंशियल ईयर की इसी अवधि में ये 26,612.2 करोड़ रुपए रहा था।

कल बजार में रही थी गिरावट

इससे पहले कल यानी गुरुवार (1 फरवरी) को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 106 अंक गिरकर 71,645.30 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में 28 अंक की गिरावट रही, ये 21,697.45 के स्तर पर बंद हुआ था।