/ एजेंसियाँ: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में आठ साल के लंबे अंतराल के बाद हुए छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। अध्यक्ष पद पर इतिहास विभाग के शोधार्थी मोहम्मद नोमान अशरफ ने शानदार जीत दर्ज की है। वहीं, कानून की छात्रा नसरा नईम उपाध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। उनकी जीत विश्वविद्यालय के छात्रसंघ इतिहास में एक नया अध्याय है, क्योंकि पहली बार किसी महिला ने छात्रसंघ के तीन प्रमुख पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मानद सचिव में से किसी एक पर जीत हासिल की है।
अध्यक्ष पद पर नोमान अशरफ को 7,797 वोट मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद इंतिखाब को 4,121 मतों के अंतर से हराया। उपाध्यक्ष पद पर नसरा नईम ने 7,091 वोट हासिल किए और साकिब अली खान को 1,273 मतों से पराजित किया। वहीं, मानद सचिव पद पर मोहम्मद हमदान 8,385 वोट पाकर विजयी रहे।पांच नवंबर को विश्वविद्यालय परिसर के 13 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हुई थी। कुल 20,754 मतदाताओं में से 15,523 विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस तरह 74.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। रातभर चली मतगणना के बाद छह नवंबर की सुबह परिणाम घोषित किए गए।
गौरतलब है कि वर्ष 2018 के बाद पहली बार एएमयू में छात्रसंघ चुनाव कराए गए हैं। चुनाव बहाली की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने लंबे समय तक आंदोलन किया था। नए पदाधिकारियों के सामने अब छात्रहितों से जुड़े मुद्दों को उठाने और विश्वविद्यालय में लोकतांत्रिक छात्र प्रतिनिधित्व को मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी।
Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #Amu #छात्रसंघ #चुनाव #नोमान #अध्यक्ष #नसरा #बनीं #AMUछात्रसंघचुनावमें