सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : – पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल स्थित मण्डल रेल चिकित्सालय, निशातपुरा ने आज अपनी स्थापना के 30 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिए। इस अवसर पर चिकित्सालय परिसर में "स्थापना दिवस" समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

उल्लेखनीय है कि मण्डल रेल चिकित्सालय, निशातपुरा की स्थापना 24 जून 1996 को की गई थी। विगत तीन दशकों से यह चिकित्सालय रेल कर्मचारियों, उनके आश्रितों तथा सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है तथा रेलवे की स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मण्डल रेल चिकित्सालय, निशातपुरा ने स्थापना के 30 वर्ष पूर्ण किए

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय डोगरा ने चिकित्सालय की 30 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे भविष्य में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण के साथ करते रहें तथा रोगियों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का संकल्प लें।

इस अवसर पर चिकित्सालय की प्रगति एवं स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया। समारोह में कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।

मण्डल रेल चिकित्सालय, निशातपुरा ने स्थापना के 30 वर्ष पूर्ण किए

कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (प्रशासन) डॉ. रचना श्रीवास्तव, चिकित्सकगण, सहायक नर्सिंग अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ तथा चिकित्सालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्थापना दिवस समारोह का समापन चिकित्सालय परिवार द्वारा उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं की परंपरा को आगे बढ़ाने तथा रोगी कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने के साथ हुआ।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #अपन #सफलत #अवसर