सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (एनआईएमएचआर), सीहोर ने इस वर्ष की वैश्विक थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” के अनुरूप, अत्यंत उत्साह और समावेशिता के साथ 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। इस अवसर पर संस्थान के संकाय सदस्यों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं सीहोर जिले से आए 30 से अधिक दिव्यांगजनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम की शुरुआत 45 मिनट की समावेशी कॉमन योगा प्रोटोकॉल सत्र और निर्देशित ध्यान के साथ हुई, जिसने सभी प्रतिभागियों में एकता, सजगता और शारीरिक स्फूर्ति को प्रोत्साहित किया। इसके बाद “योग और मानसिक स्वास्थ्य” पर एक कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें पारंपरिक विधियों की मानसिक सुदृढ़ता और भावनात्मक स्वास्थ्य में भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर एक स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें सामान्य स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधा प्रदान की गई। दिव्यांगजन प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत संस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में उत्साह और प्रेरणा का संचार किया।

यह कार्यक्रम एनआईएमएचआर के निदेशक अखिलेश कुमार शुक्ल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदीप सेठी, निजी सचिव, संयुक्त सचिव (दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग), सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
एनआईएमएचआर द्वारा मनाया गया यह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समावेशी स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को दोहराता है — जो राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और वैश्विक समरसता एवं सतत विकास के आह्वान के अनुरूप है।
#एनआईएमएचआर #अंतरराष्ट्रीययोगदिवस #समावेशीयोग #योगसभीकेलिए #स्वास्थ्यऔरकल्याण