आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : टाटा मोटर्स ने न्यू जनरेशन सफारी और हैरियर की बुकिंग शुरू कर दी है। बायर्स दोनों कार को ऑफिशियल वेबसाइट और डीलरशिप पर जाकर कार की प्री-बुकिंग कर सकते हैं। टाटा मोटर्स ने अपकमिंग हैरियर और सफारी के टीजर जारी किए हैं। इनमें दोनों की डिटेल्स शो की गई हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों कारें लेवल-2 ADAS जैसे सेफ्टी फीचर के साथ आएंगी। इसमें लेन कीप असिस्ट भी शामिल होगा। इसके अलावा दोनों SUV में 2 स्पोक इलेक्ट्रिक स्टीयरिंग व्हील और फुली डिजिटल इंस्ट्रुमेंट क्लस्टर दिए जाएंगे।

अपडेट के बाद नई टाटा सफारी और टाटा हैरियर की कीमत मौजूदा मॉडल से ज्यादा रखी जा सकती है। वर्तमान में सफारी की एक्स-शोरूम कीमत 15.85 से 25.21 लाख रुपए के बीच है। नई सफारी का मुकाबला MG हेक्टर प्लस, महिंद्रा XUV700, महिंद्रा स्कॉर्पियो और हुंडई अल्कजार से रहेगा।

वहीं, टाटा हैरियर की वर्तमान एक्स शोरूम कीमत 15.20 से 24.27 लाख रुपए के बीच है। सेगमेंट में इसका मुकाबला महिंद्रा XUV700, MG हेक्टर, जीप कंपस से रहेगा। इसके अलावा इसका कंपेरिजन हुंडई क्रेटा और किया सेल्टोस के टॉप वैरिएंट्स से भी होगा।

टीजर में दोनों कारों का फर्स्ट लुक सामने आया

टीजर में हैरियर फेसलिफ्ट की फ्रंट प्रोफाइल दिखाई गई है, जो पूरी तरह से बदली हुई नजर आ रही है। इसके फ्रंट में नए डिजाइन का वर्टिकल स्प्लिट LED हेडलाइट सेटअप, स्लीक ग्रिल और इंडिकेटर्स और बोनट की पूरी चौड़ाई पर फैली हुई LED DRL स्ट्रिप दी गई है।

दूसरे टीजर में नई टाटा सफारी के फ्रंट फेशिया दिखाया गया है। इसमें एंड-टू-एंड LED DRL सेटअप के साथ नया ग्रिल, न्यू डिजाइन बम्पर के साथ ही नए वर्टीकल स्टैक्ड LED हेडलैंप शामिल हैं। सफारी फेसलिफ्ट के लिए एक नया कांस्य कलर शो किया गया है। हालांकि इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है।

दोनों कारों में सभी बदलाव नई टाटा नेक्सन और टाटा नेक्सन ईवी से मिलते जुलते हैं। पूरी-चौड़ाई वाले LED DRL का चलन EQS जैसी मर्सिडीज-बेंज कारों के साथ शुरू हुआ था और अब यह मैन स्ट्रीम मॉडलों में भी दिखने लगा है।

एकदम नया इंटीरियर मिलेगा

टीजर में नए डिजाइन का डैशबोर्ड लेआउट और बैकलिट टाटा लोगो के साथ नए 2-स्पोक स्टीयरिंग व्हील की झलक दिखाई गई है। दोनों SUV के अपडेटेड मॉडल में बड़े साइज का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, बड़ा डिजिटल इंस्टरुमेंट क्लस्टर, वायरलेस फोन चार्जिंग, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और वेंटिलेटेड फ्रंट एंड रियर सीट जैसे फीचर्स नजर आ सकते हैं।

पेट्रोल इंजन का भी मिल सकता है ऑप्शन

2023 टाटा सफारी और टाटा हैरियर में पहले की तरह 2.0-लीटर का 4-सिलेंडर डीजल इंजन दिया जाएगा, जो 168 hp की मैक्सिमम पावर और 350 nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमेटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन मिलेगा।

इसमें टाटा का नया 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन भी दिया जा सकता है, जो 168 hp की पावर और 280 nm का टॉर्क जनरेट करता है। इस इंजन के साथ मैनुअल और DCT गियरबॉक्स का ऑप्शन मिल सकता है।

एक्सपेक्टेड फीचर्स

नए फीचर्स के तौर पर दोनों SUV में बड़ा टचस्क्रीन सिस्टम, फुली डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, वायरलेस फोन चार्जिंग, ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल और क्रूज कंट्रोल दिए जा सकते हैं।

सेफ्टी के लिए इनमें 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (EPS), 360-डिग्री कैमरा, ISOFIX चाइल्ड एंकर सीट और एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।