सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल में नेपाल दूतावास के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने दौरा किया। यह दौरा भारत और नेपाल के बीच शिक्षा एवं चिकित्सा क्षेत्र में आपसी सहयोग को मजबूती देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अंबिका जोशी (मंत्री परामर्शदाता) ने किया। उनके साथ रवीन्द्र जंग थापा (आर्थिक परामर्शदाता) और पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के रेजिडेंट मैनेजर अनिरुद्ध दुबे भी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल की एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक हुई।
इस बैठक में भारत-नेपाल के शैक्षणिक सहयोग, चिकित्सा अनुसंधान में संभावनाएं, विदेशी छात्रों के कल्याण और दीर्घकालिक अकादमिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने एम्स भोपाल में अध्ययनरत नेपाली और अन्य विदेशी छात्रों से भी संवाद किया, जिसमें छात्रों ने अपने अनुभव, चुनौतियों और उपलब्धियों को साझा किया।प्रो. अजय सिंह ने कहा, “एम्स भोपाल एक समावेशी शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। हमें नेपाल के छात्रों का स्वागत करते हुए गर्व है और हम भविष्य में शिक्षा व अनुसंधान में मिलकर कार्य करने को तत्पर हैं।”
यह दौरा भारत-नेपाल के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा में सहयोग की दिशा में एक  महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

#एम्सभोपाल #नेपालप्रतिनिधिमंडल #भारतनेपालसंबंध #शैक्षणिकसहयोग #मेडिकलएजुकेशन #स्वास्थ्यसहयोग #AIIMSBhopal #NepalDelegation