सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी (एसजीएसयू) में आयोजित नवोन्मेष 2026 के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में प्रदेश के अलग-अलग शहरों और शिक्षण संस्थानों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, तकनीकी कौशल और नवाचार क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को तकनीक, उद्यमिता और रचनात्मकता के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना रहा। पहली प्रतियोगिता इनोमेकर – प्रोडक्ट हैकाथॉन रही, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने नवाचार आधारित प्रोजेक्ट और तकनीकी मॉडल प्रस्तुत किए। एसआईआरटी के शांतनु कुशवाहा और प्रियंजली ने सौर ऊर्जा आधारित स्मार्ट सिंचाई प्रणाली का मॉडल प्रस्तुत किया, जो मिट्टी का परीक्षण कर फसलों के लिए आवश्यक पानी की मात्रा निर्धारित करता है। राहुल गुप्ता और उनकी टीम ने चार पहिया वाहनों के लिए स्वचालित अग्निशमन प्रणाली विकसित की, जो धुआं बनने पर तुरंत अलार्म और चेतावनी संकेत देती है। वहीं लोकेश पटेल की टीम ने ऐसा उपकरण बनाया, जो विद्युत तार के पानी के संपर्क में आने पर स्वत बिजली आपूर्ति बंद कर देता है।

प्रतियोगिता में ड्रोन तकनीक, सौर उपकरण, बहु-आपदा चेतावनी प्रणाली, धातु काटने की मशीन, स्वचालित नदी-झील सफाई यंत्र, इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए वायरलेस चार्जिंग केंद्र और स्वास्थ्य निगरानी एप्लीकेशन जैसे 15 से अधिक नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा कंट्रोलर क्लैश — ई-स्पोर्ट्स बैटलग्राउंड (बीजीएमआई) प्रतियोगिता में 20 स्क्वाड और 80 खिलाड़ियों ने भाग लिया। क्रू क्लैश — समूह नृत्य चैम्पियनशिप और सोलो स्पॉटलाइट — डांस चैम्पियनशिप में प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्लानएक्स — द अल्टीमेट बिजनेस प्लान बैटल में 18 स्टार्टअप विचार प्रस्तुत किए गए, जिनमें ईडेबल कटलरी, एआई टेलर, किसान देहायक और स्किलसिंक हब जैसे नवाचार शामिल रहे। चांसलर सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और उद्यमशील सोच को प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। कुलगुरु विजय सिंह और कुलसचिव सितेश कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रतियोगिताओं में छात्रों के नवाचार और तकनीकी सोच ने पूरे वातावरण को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।

#नवोन्मेष2026 #इनोवेशनफेस्ट #छात्रनवाचार #स्टार्टअपइंडिया #युवाउद्यमिता #तकनीकीशिक्षा #आर्टिफिशियलइंटेलिजेंस #ड्रोनटेक्नोलॉजी #स्मार्टफार्मिंग #स्टूडेंटस्टार्टअप