आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मोटो जीपी मोटरसाइकिल रेसिंग इवेंट का आज यानी 23 सितंबर को दूसरा दिन है। नोएडा स्थित बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर इवेंट में आज राइडर्स के दो प्रेक्टिस सेशन कंप्लीट हो चुके हैं।
अब क्वालिफाइंग राउंड हो रहे हैं। इन राउंड में फर्स्ट पोजीशन हासिल करने वाले राइडर्स को कल होने वाली फाइनल रेस में पोल पोजीशन मिलेगी। क्वालिफाइंग राउंड के बाद आज 12-लैप मोटो जीपी टिसोट स्प्रिंट भी होगा।
रविवार 24 सितंबर को वार्म-अप के बाद अलग-अलग कैटेगरी की फाइनल रेस होंगी। इवेंट के पहले दिन शुक्रवार को अलग-अलग कैटेगरी के 7 प्रैक्टिस सेशन में राइडर्स बाइक दौड़ाते दिखे थे।
11 टीमों के 22 राइडर्स ले रहे हिस्सा
बता दें कि ये भारत में वर्ल्ड लेवल पर होने वाली पहली मोटो जीपी मोटर साइकिल रेस है। मोटोजीपी में चार कैटेगरी में 11 टीमों के 22 राइडर्स हिस्सा ले रहे हैं। ज्यादातर राइडर्स स्पेन और इटली से हैं और इसके अलावा साउथ अफ्रीका, आस्ट्रेलिया और जापान से भी कुछ राइडर्स शामिल हो रहे हैं।
मोटो जीपी के 2023 सीजन की ये 13वीं रेस है। इससे पहले अब तक 12 इवेंट हो चुके हैं। इनमें से आखिरी इवेंट सेंट मेरिनो में हुआ था।
45 करोड़ दर्शक जुटेंगे, 180 कैमरों से किया जा रहा लाइव
मोटो जीपी के लिए 800 रुपए से लेकर 1.80 लाख रुपए तक की कीमत के पूरे टिकट बिक चुके हैं। इस आयोजन से दुनियाभर में 45 करोड़ से अधिक दर्शकों के जुटने की उम्मीद है। रेस को 180 कैमरों से लाइव किया जाएगा।
इस ग्लोबल रेसिंग इवेंट में रोजाना लगभग 1.5 लाख लोग शामिल होंगे। जिनमें 10,000 लोग विदेश से बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (BIC) में आएंगे। इसके अलावा, इवेंट 200 देशों में प्रसारित किया जाएगा।
कितने लैप पूरे करेंगे रेसर्स
बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर 5.01km लंबे ट्रैक पर MotoGP की 120.24 km की रेस होगी। इसके लिए राइडर्स 24 लैप लगाएंगे। वहीं Moto2 रेस इस ट्रैक पर 95.19km लंबी होगी। इसके लिए राइडर्स को 19 लैप पूरे करने होंगे। Moto3 की रेस 85.17km की होगी, जो की इस ट्रैक पर 17 लैप में पूरी होगी।
अब जानते है उस ट्रैक के बारे में जिस पर बनेगा 370 किमी. प्रतिघंटा का नया रिकार्ड
BIC पर होने वाली मोटो जीपी भारत इंटरनेशनल बाइक रेस के लिए विश्व स्तरीय ट्रैक तैयार हो गया है। इस पर आज से दुनिया के टॉप बाइक राइडर्स अपना जौहर दिखाएंगे। अभी तक मोटो जीपी बाइक रेस में 366.1 किमी प्रति घंटा का रिकॉर्ड है। उम्मीद की जा रही है कि बीआईसी के ट्रैक में जिस तरह के बदलाव किए गए हैं, उससे बाइक को और ज्यादा स्पीड से दौड़ाया जा सकता है। यहां स्पीड का नया रिकॉर्ड बन सकता है।