सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल ने सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए, “सामाजिक मनोरोग की दृष्टि से वृद्धावस्था मानसिक स्वास्थ्य के विविध आयाम” विषय पर जन संगोष्ठी एवं सामुदायिक गतिविधि का आयोजन किया। यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल में आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य वृद्धावस्था में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े सामाजिक और भावनात्मक पहलुओं को उजागर करना था।
कार्यक्रम का आयोजन एम्स भोपाल के मनोरोग विभाग द्वारा भारतीय सामाजिक मनोरोग संघ, कॉलेज ऑफ नर्सिंग, एम्स भोपाल और आईजीआरएमएस के सहयोग से किया गया। मुख्य अतिथि एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह एवं विशिष्ट अतिथि आईजीआरएमएस के कार्यालय प्रमुख डॉ. एस.के. पांडे उपस्थित रहे। आयोजन अध्यक्ष एवं मनोरोग विभागाध्यक्ष विजेंदर सिंह ने कहा कि “वृद्धजन कई मानसिक और सामाजिक चुनौतियों से जूझते हैं, और सामाजिक मनोरोग की सहानुभूतिपूर्ण दृष्टि उनके जीवन में बदलाव ला सकती है।”
डॉ. अजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “वृद्धावस्था मानसिक स्वास्थ्य केवल चिकित्सकीय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है।” कार्यक्रम में मूवीज़ और आर्ट्स के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतियोगिता, अनुभव साझा करने वाले वक्ता, और विशेषज्ञों द्वारा पैनल चर्चा आयोजित की गई। इस संगोष्ठी ने जेरिएट्रिक मानसिक स्वास्थ्य पर बहुआयामी चर्चा को प्रोत्साहित करते हुए सामाजिक भागीदारी की मिसाल प्रस्तुत की।

#वृद्धावस्था_मानसिक_स्वास्थ्य, #एम्स_भोपाल, #सामाजिक_मनोरोग, #जन_संगोष्ठी, #मानसिक_स्वास्थ्य_जागरूकता