सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) के महिला विकास प्रकोष्ठ एवं आंतरिक शिकायत समिति द्वारा गुरुवार को नालंदा पुस्तकालय में विश्वविद्यालय की महिला स्टाफ सदस्याओं एवं परिसर की महिला रहवासियों के लिए विशेष व्याख्यान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। 30 से 55 वर्ष की महिलाओं का स्वास्थ्य: संतुलन, सावधानी और सशक्त जीवन विषय पर आयोजित व्याख्यान में भोपाल की प्रसिद्ध स्त्री-रोग विशेषज्ञ प्रिया भावे चित्तावर ने महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव प्रबंधन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने महिलाओं को डॉक्टर की सलाह से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह देते हुए कहा कि समय-समय पर जांच कराने से कई बीमारियों का प्रारंभिक अवस्था में ही पता लगाया जा सकता है। चित्तावर ने कहा कि महिलाएं अक्सर परिवार की जिम्मेदारियों में अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देती हैं, इसलिए उन्हें अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए और किसी भी स्वास्थ्य संबंधी लक्षण को अनदेखा नहीं करना चाहिए। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगुरू विजय मनोहर तिवारी ने अतिथि का स्वागत करते हुए इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर तृप्ति तिवारी, कुलसचिव पी. शशिकला, आईसीसी की अध्यक्ष आरती सारंग तथा महिला विकास प्रकोष्ठ की समन्वयक गरिमा पटेल भी उपस्थित रहीं। व्याख्यान के पश्चात आयोजित स्वास्थ्य शिविर में प्रतिभागियों को स्वास्थ्य परामर्श के साथ-साथ हीमोग्लोबिन एवं ब्लड शुगर की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ प्राध्यापक, कर्मचारीगण तथा परिसर की महिला रहवासियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की और इस पहल की सराहना की।

#एमसीयू #महिलास्वास्थ्य #स्वास्थ्यजागरूकता #भोपाल #विश्वविद्यालयकार्यक्रम #महिलासशक्तिकरण #हेल्थएजुकेशन #स्वस्थजीवन #महिलास्वास्थ्यशिविर