सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर पश्चिम मध्य रेल, भोपाल मंडल में मंडल के प्रमुख स्टेशनों एवं रानी कमलापति स्थित नर्मदा क्लब के बैडमिंटन हॉल में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों में स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः दीप प्रज्ज्वलन एवं योग शपथ के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया। योग प्रशिक्षक प्रियंका जैन के मार्गदर्शन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी सहित अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेन्द्र बघेल एवं अभिराम खरे, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी विजय सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया एवं मंडल के विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी, पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन (डब्ल्यूडब्ल्यूओ) की अध्यक्षा एवं पदाधिकारीगण, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्य एवं बच्चे, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी एवं कर्मचारी, रेलकर्मी तथा उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा अपने परिवार एवं समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर योग प्रशिक्षकों को सम्मानित भी किया गया।
भोपाल मंडल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन एवं सामूहिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण रहा तथा "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" की भावना को सार्थक रूप से प्रतिबिंबित करता है।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #2026 #अवसर #कमल