सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान,भोपाल के लगभग 30 छात्र प्रोफेसर जगदीश सिंह के साथ के आर्किटेक्चर एवं प्लानिंग विभाग के विद्यार्थियों ने भोपाल की ऐतिहासिक हीरा रानी कमलापति महल के आसपास हो रहे विकास कार्यों का हेरिटेज इम्पैक्ट असेसमेंट अध्ययन किया है। इस अध्ययन का उद्देश्य यह समझना है कि आसपास के निर्माण और शहरी विकास का इस ऐतिहासिक महल पर क्या प्रभाव पड़ रहा है और भविष्य में इसके संरक्षण के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं। रानी कमलापति महल का निर्माण गोंड शासक निज़ाम शाह की पत्नी रानी कमलापति द्वारा कराया गया था। यह महल भोपाल की ऊपरी झील के किनारे बने ऐतिहासिक तटबंध भोजपाल पर स्थित है, जिसका निर्माण राजा भोज द्वारा कराया गया था। यह दो मंजिला महल अपनी अनोखी वास्तुकला के लिए जाना जाता है। इसमें लखौरी ईंटों का उपयोग, खूबसूरत मेहराबें, नक्काशीदार स्तंभ, कमल की पंखुड़ी जैसी कंगूरियाँ और आकर्षक छज्जे इसकी विशेष पहचान हैं।

इसकी स्थापत्य शैली में गोंडवाना, मालवा और मुगल-राजपूत शैली का सुंदर मेल दिखाई देता है। अध्ययन के दौरान विद्यार्थियों ने महल के आसपास के क्षेत्र में हो रहे शहरी विकास, यातायात, पर्यटन गतिविधियों, झील के किनारे के पर्यावरण और स्मारक के दृश्य परिदृश्य का अवलोकन और विश्लेषण किया। अध्ययन में यह सामने आया कि रानी कमलापति महल भोपाल की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहरों में से एक है और शहर की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विद्यार्थियों ने सुझाव दिया कि महल के आसपास विकास कार्य करते समय विरासत संरक्षण को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील और संतुलित योजना बनाई जानी चाहिए, ताकि इस ऐतिहासिक स्मारक की सुंदरता, महत्व और पहचान सुरक्षित रह सके। रानी कमलापति महल राष्ट्रीय महत्व का संरक्षित स्मारक है और इसका संरक्षण भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा किया जाता है। यह स्थल आज भोपाल के प्रमुख पर्यटन और ऐतिहासिक आकर्षणों में शामिल है। मैनिट के विद्यार्थियों द्वारा किया गया यह अध्ययन शहर के विकास के साथ-साथ विरासत संरक्षण और जिम्मेदार शहरी नियोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
#मैनिट #रानीकमलापतिमहल #हेरिटेज #भोपाल #शिक्षा