सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर स्नातकोत्तर विद्यार्थियों में शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से एल.एन. आयुर्वेद कॉलेज एवं हॉस्पिटल के पी.जी. विभाग, क्रिया शारीर द्वारा अंतरविभागीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सपन जैन, उप-प्राचार्य डॉ. वर्षा वंजारी एवं डायरेक्टर डॉ. विशाल शिवहरे की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे शैक्षणिक आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में एल.एन.ए.सी. के विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसमें आयुर्वेद संहिता एवं सिद्धांत, क्रिया शारीर, शालाक्य तंत्र, अगद तंत्र एवं विधि वैद्यक तथा स्वस्थवृत्त एवं योग विभागों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपने आयुर्वेदिक ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में आयुर्वेद संहिता एवं सिद्धांत विभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि क्रिया शारीर विभाग द्वितीय स्थान पर रहा। सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साहपूर्ण प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्रिया शारीर विभाग के विभागाध्यक्ष एवं समस्त संकाय सदस्यों के साथ-साथ विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन को सफल बनाने में सभी ने उत्साह एवं समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभाई। इस अवसर पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ-साथ टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्रदान किया। कार्यक्रम ने एल.एन.ए.सी. में आयुर्वेद के प्रति विद्यार्थियों के ज्ञान, उत्साह एवं गौरव की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एलएन #11व #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #अवसर