आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार ने आज यानी 16 जनवरी को गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स 199 अंक की गिरावट के साथ 73,128 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 65 अंक की गिरावट रही। यह 22,031 के लेवल पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 में गिरावट और 11 में तेजी देखने को मिली है। IT और बैंकिंग शेयर्स में ज्यादा गिरावट रही। इससे पहले कल यानी 15 जनवरी को शेयर बाजार ने ऑल टाइम हाई बनाया था।

ज्योति CNC ऑटोमेशन का शेयर 12% के प्रीमियम के साथ 370 रुपए पर मार्केट में लिस्ट हुआ। हालांकि इसके बाद इसमें और तेजी देखने को मिली और ये 103.20 रुपए (31.18%) की बढ़त के साथ 434.20 रुपए पर बंद हुआ। इसके शेयर का इश्यू प्राइस 331 रुपए था।

मेडी असिस्ट हेल्थकेयर सर्विसेज के IPO में निवेश का मौका

मेडी असिस्ट हेल्थकेयर सर्विसेज लिमिटेड का इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए ओपन हो गया है। इसमें 17 जनवरी तक निवेश किया जा सकेगाा। कंपनी इस इश्यू के जरिए 1,171.58 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है।

इस IPO के लिए रिटेल निवेशक को मिनिमम एक लॉट यानी 35 शेयर के लिए अप्लाय करना होगा। कंपनी ने IPO का प्राइस बैंड ₹397-₹418 प्रति शेयर तय किया है।

यदि आप IPO के अपर प्राइस बैंड ₹418 के हिसाब से 1 लॉट के लिए अप्लाय करते हैं तो आपको ₹14,630 लगाने होंगे। रिटेल निवेशक अधिकतम 13 लॉट यानी 455 शेयर के लिए बिडिंग कर सकते हैं, जिसके लिए ₹190,190 इन्वेस्ट करने होंगे।

कल बाजार ने बनाया था ऑल टाइम हाई

इससे पहले कल यानी सोमवार को भी शेयर बाजार ने ऑल टाइम हाई बनाया था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 73,402 और निफ्टी ने 22,115 का स्तर छुआ। बाद में ये थोड़ा नीचे आया और सेंसेक्स 759 अंक चढ़कर 73,327 पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 202 अंक चढ़कर 22,097 के स्तर पर बंद हुआ था।