आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जोमैटो के CEO दीपिंदर गोयल ने उन खबरों का खंडन किया है जिसमें दावा किया जा रहा था कि उनके फूड डिलीवरी स्टार्टअप ने प्रमोशनल स्टंट के तौर पर इंदौर के आसपास बाइक चलाने के लिए एक लड़की को हायर किया है।

हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो सामने आया था जिसमें एक लड़की बिना हैलमेट के स्पोर्ट बाइक चलाती दिख रही है। लड़की ने जोमैटो की रेड टी-शर्ट पहनी है और जोमैटो का डिलीवरी बैग भी टांगा है।

यूजर का दावा- जोमैटो ने हायर की मॉडल

वीडियो को प्लेटफॉर्म एक्स पर राजीव मेहता नाम के यूजर ने शेयर किया था। इसके कैप्शन में दावा किया गया कि जोमैटो के इंदौर मार्केटिंग हेड के पास खाली जोमैटो बैग के साथ शहर में घूमने के लिए एक मॉडल को हायर करने का विचार आया था।

कंपनी का मॉडल से कोई लेना-देना नहीं

दीपिंदर गोयल ने इसका जवाब देते हुए कहा कि कंपनी का मॉडल से कोई लेना-देना नहीं है। उनके पास इंदौर में कोई मार्केटिंग हेड भी नहीं है। दीपिंदर गोयल ने ये भी कहा कि जोमैटो बिना हेलमेट बाइक राइड को सपोर्ट नहीं करता।

गोयल ने कहा- ऐसा लगता है कि कोई हमारे ब्रांड पर “फ्री-राइडिंग” कर रहा है। उन्होंने ये भी कहा कि महिलाओं के फूड डिलीवरी करने में कुछ भी गलत नहीं है – हमारे पास सैकड़ों महिलाएं हैं जो अपने परिवार के लिए आजीविका कमाने के लिए प्रतिदिन फूड डिलीवरी करती हैं।

दीपिंदर गोयल ने भी की थी फूड डिलीवरी

इससे पहले दीपिंदर गोयल भी फोटोज वायरल हुई थी जिसमें वो डिलीवरी करते नजर आ रहे थे। 6 अगस्त को फ्रेंडशिप-डे के मौके पर उन्होंने जोमैटो के डिलीवरी पार्टनर्स, रेस्टोरेंट पार्टनर्स और कस्टमर्स को खुद बाइक से फूड डिलीवर किया और फ्रेंडशिप-बैंड्स बांटे थे।

बेस्ट संडे एवर: दीपेंद्र गोयल

फोटोज शेयर करते हुए पोस्ट के कैप्शन में गोयल ने लिखा था, ‘अपने डिलीवरी पार्टनर्स, रेस्टोरेंट पार्टनर्स और कस्टमर्स को फूड डिलीवर करने और उन्हें फ्रेंडशिप-बैंड्स बांटने जा रहा हूं। बेस्ट संडे एवर।’ दीपेंद्र की इस पोस्ट पर यूजर्स कमेंट कर उनकी तारीफ कर रहे थे।