आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलीकॉम कंपनी जियो इन्फोकॉम ने HSBC बैंक से 2 बिलियन डॉलर यानी करीब 16,640 करोड़ रुपए का लोन लिया है। द इकोनॉमिक टाइम्स के अनुसार, यह फाइनेंशियल ईयर 2024 का बड़ा ऑफशोर लोन है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी इस फंड का यूज नोकिया से 5G नेटवर्क गियर खरीदने के लिए करेगी। हालांकि, जियो ने अभी तक इस लोन के बारे में ऑफिशियल तौर पर कोई भी जानकारी नहीं दी है। दूसरे देश से ऑपरेट होने वाले बैंकों से लिए जाने वाले लोन को ऑफशोर लोन कहा जाता है।
कई महीनों से रिलायंस और HSBC के बीच चल रही थी बातचीत
इस लोन के लिए रिलायंस और HSBC के बीच कई महीनों से बातचीत चल रही थी। इससे पहले हाल ही में कंपनी ने BNP परिबास से लगभग 2 बिलियन डॉलर का ऑफशोर लोन जुटाए थे, जिसका यूज कंपनी ने स्वीडन के एरिक्सन से 5G गियर खरीदने के लिए करेगी। BNP पारिबा 9 महीने की अवधि में 1.9-2 बिलियन डॉलर देगी।
दिसंबर तक पूरे देश की 5G डिमांड पूरा करना चाहती है कंपनी
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने 46वीं एनुअल जनरल मीटिंग में कहा था कि Jio दिसंबर के अंत तक देश भर की 5G डिमांड पूरा करने में सक्षम होगा। अभी कंपनी ने भारत के 96% से ज्यादा शहरों में जियो 5G रोलआउट किया है।
जियो के 45 करोड़ से ज्यादा यूजर
मुकेश अंबानी ने 28 अगस्त को AGM में कहा था, ‘अब जियो के 45 करोड़ से ज्यादा यूजर हो गए हैं। एक जियो यूजर एक महीने में औसतन (ऐवरेज डेटा कंजंप्शन) 25 GB डेटा यूज कर रहा है, यानी हर महीने 1,100 करोड़ GB टोटल डेटा इस्तेमाल हो रहा है। जियो 5G को पिछले साल अक्टूबर में लॉन्च किया गया था।
पहली तिमाही में JIO का नेट प्रॉफिट 12% बढ़ा
पहली तिमाही में रिलायंस ग्रुप की टेलिकॉम कंपनी जियो (JIO) का नेट प्रॉफिट सालाना (YoY) आधार पर 12% बढ़कर 4,863 करोड़ रुपए रहा। कंपनी ने पिछले साल इसी तिमाही में 4,335 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था।
वहीं पिछले फाइनेंशियल ईयर की चौथी तिमाही यानी Q4FY23 में नेट प्रॉफिट 4,716 करोड़ रहा था। जियो का नेट प्रॉफिट तिमाही आधार पर 3.11% बढ़ोतरी देखी गई।