आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइली सेना ने 15 दिसंबर को गाजा में अपने ही तीन नागरिकों को गोली मार दी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इन तीनों नागरिकों को हमास ने 7 अक्टूबर को बंधक बनाया था।

इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) ने कहा- हम इस घटना की जिम्मेदारी लेते हैं। गाजा सिटी के शिजैया इलाके में एक ग्राउंड ऑपरेशन के दौरान सैनिकों को लगा कि ये लोग उनके लिए खतरा हैं। गोली मारने के बाद जब शवों के पास पहुंचे तो मारे गए लोगों की पहचान के बारे में संदेह हुआ। बाद में पता चला कि वो इजराइल के ही नागरिक हैं।

IDF के स्पोक्स पर्सन हगारी ने कहा- गाजा में एलोन शमरिज, योतम हैम और समेर अल-तलालका की मौत हो गई। हमें लगता है कि वो हमास की कैद से बचकर भागे थे। 7 अक्टूबर को शुरू हुई जंग में अब तक गाजा के 18 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। वहीं, हमास के हमले में 1200 इजराइली मारे गए।

खान युनिस के नासर अस्पताल में मारे गए फिलिस्तीनियों की शव रखे हुए हैं।

तेल अवीव में बंधकों की सुरक्षित वापसी को लेकर इजराइली सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि सरकार को सभी बंधकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

इजराइली बमबारी के बाद राफा में एक बहुमंजिला इमारत तबाह हो गई।

राफा में इजराइली ऑपरेशन के दौरान कई गाड़ियां तबाह हो गईं।

लाल सागर में नहीं जाएंगे दो शिपिंग कंपनियों के जहाज

लाल सागर में जहाजों पर हूतियों के हमले बढ़ रहे हैं। इन्हें देखते हुए डेनमार्क और जर्मनी की दो बड़ी शिपिंग कंपनियों ने लाल सागर में अपने जहाज न भेजने का फैसला किया है। ये हमले फिलिस्तीनियों के साथ एकजुटता और इजराइली हमले के विरोध में किए जा रहे हैं।

जंग के बीच पहली बार गाजा में मदद पहुंचाने अपना बॉर्डर खोलेगा इजराइल

लगातार हो रहे इजराइली हमलों के चलते गाजा में मदद नहीं पहुंच पा रही है। लोगों के पास खाना और सिर ढकने के लिए छत तक नहीं है। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक इजराइल ने गाजा में मदद पहुंचाने के लिए अपना एक बॉर्डर खोलने का फैसला किया है। इजराइल ने कहा- अब जरूरत का सामान केरेम शालोम सीमा से होते हुए गाजा पहुंच सकेगा। केरेम शालोम साउथ गाजा से लगने वाली इजराइली सीमा है।

शुक्रवार को हुए इजराइली हमले में अल जजीरा के पत्रकार वाएल अल दहदौह की मौत हो गई। उन्हें नासर अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गाजा में कब्र रौंदते निकले इजराइली टैंक

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इजराइली सेना गाजा में कब्रिस्तानों को भी तबाह कर रही है। रिपोर्ट में कहा गया कि इजराइली टैंकों ने शाजाये शहर के ट्यूनीशियाई कब्रिस्तान, जबलिया के अल-फलूजा कब्रिस्तान समेत 6 कब्रिस्तानों को तबाह कर दिया।