सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत में सबसे ज्यादा फ्लाइट ऑपरेट करने वाली एयरलाइन इंडिगो ने आज यानी शुक्रवार (2 फरवरी) को अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। Q3FY24 में इंडिगो का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 110.7 % बढ़कर ₹2,998 करोड़ रहा। पिछले साल की समान तिमाही में इंडिगो ने 1,422.6 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था।
इस तिमाही में ऑपरेशंस से कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 30.26 % बढ़कर 19,452 करोड़ रुपए रहा। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में ये 14,933 करोड़ रुपए रहा था। कंपनी ने तीसरी तिमाही में टिकट बेचकर ₹17,157 करोड़ का रेवेन्यू जनरेट किया। पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले इसमें करीब 30.30% की ग्रोथ हुई है।
दूसरी तिमाही में इंडिगो को ₹189 करोड़ का मुनाफा हुआ था
दूसरी तिमाही में इंडिगो को ₹188.9 करोड़ का मुनाफा हुआ था। 5 साल में यह पहला मौका था जब एविएशन कंपनी को किसी भी वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में मुनाफा हुआ था। आम तौर पर इस तिमाही को एविएशन इंडस्ट्री के लिए कमजोर मांग वाला सीजन माना जाता है।
कंपनी ने एक साल में दिया 49.93% का रिटर्न
कंपनी के शेयर 2 फरवरी को 1.94% की बढ़ोतरी के बाद 3127 रुपए के स्तर पर बंद हुए।
कंपनी ने एक महीने में 5.17%, 6 महीने में 28.49% और एक साल में 49.93% का रिटर्न दिया है।
कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 1.21 लाख करोड़ रुपए है और मार्केट शेयर 60% से ज्यादा है।
रोजाना 1900 से ज्यादा फ्लाइट ऑपरेट करती है इंडिगो
ऑपरेशन के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी एविएशन कंपनी इंडिगो के पास 320 से ज्यादा विमानों का बेड़ा है। अपने बेड़े के साथ इंडिगो रोजाना 1900 से ज्यादा फ्लाइट ऑपरेट करती है। ये एयरलाइन 81 डोमेस्टिक डेस्टिनेशन और 32 इंटरनेशनल डेस्टिनेशन को कवर करती है। भारत में सबसे ज्यादा मार्केट शेयर इंडिगो का ही है।
इंडिगो से सफर करना सस्ता होगा: 1000 रुपए तक कम हो सकता है किराया, एयरलाइन ने फ्यूल चार्ज वसूलना बंद किया
बजट एयरलाइन इंडिगो ने आज यानी, गुरुवार 4 जनवरी से टिकटों पर फ्यूल चार्ज वसूलना बंद कर दिया है। एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की लगातार बढ़ रही कीमतों के कारण इंडिगो ने अक्टूबर 2023 की शुरुआत में फ्यूल चार्ज वसूलना शुरू किया था।