सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह के नेतृत्व में पैराडाइज़ स्कूल, बोडरझी (आमला, जिला बैतूल) में एक दिवसीय नि:शुल्क सिकल सेल स्क्रीनिंग एवं जनजागरूकता शिविर और रक्तक्रांति सम्मान समारोह का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर एम्स भोपाल एवं मध्यप्रदेश थैलेसीमिया जन जागरण समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया|

जिसका उद्देश्य सिकल सेल जैसे गंभीर आनुवंशिक रक्त विकारों को लेकर जनजातीय एवं वंचित क्षेत्रों में जागरूकता फैलाना और नि:शुल्क जांच की सुविधा प्रदान करना था।
इस शिविर में एम्स भोपाल की 16 सदस्यीय टीम ने 230 से अधिक लोगों की जांच की, जिसमें से 156 लोगों का नि:शुल्क पॉइंट-ऑफ-केयर टेस्ट किया गया। इस अवसर पर डॉ. अजय सिंह ने कहा, “सिकल सेल रोग आज भी चुनौती बना हुआ है। इसके इलाज से पहले समय पर पहचान और जनजागरूकता बेहद जरूरी है।”


विशेष अतिथि के रूप में गौरव ढींगरा, वैशाली वाल्के, दानिश जावेद और योगेन्द्र सिंह यादव ने सिकल सेल की रोकथाम और विवाहपूर्व जांच की महत्ता पर बल दिया। आयोजन में विभिन्न सामाजिक संगठनों और विद्यालयों का योगदान रहा। साथ ही रक्तक्रांति सम्मान समारोह के तहत रक्तदाताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाने की दिशा में एक प्रभावी कदम सिद्ध हुई।

#एम्स_भोपाल #सिकल_सेल_जांच #बैतूल_स्वास्थ्य_शिविर #पैराडाइज़_स्कूल #स्वास्थ्य_जागरूकता #जन_स्वास्थ्य