सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पोषण माह 2025 के अंतर्गत जिला स्तरीय जीवन के प्रथम 1000 दिवस पर पुरुषों में जागरूकता एवं सहभागिता विषय पर उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन कैरियर कॉलेज ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास भोपाल अक्षय श्रीवास्तव, उप संचालक रेलम बघेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील सोलंकी, करियर कॉलेज की प्राचार्य चरणजीत कौर सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के अधिकारी, विशेषज्ञ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, कॉलेज विद्यार्थी व 350 प्रतिभागी शामिल हुए।


निदेशक सोलंकी ने पोषण माह के अंतर्गत जिले में आयोजित गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया और बताया कि पुरुषों द्वारा तैयार पोषण व्यंजनों की प्रदर्शनी इस कार्यक्रम की विशेषता रही। स्त्री रोग विशेषज्ञ प्रिया भावे ने सुनहरे 1000 दिवस पर प्रकाश डालते हुए गर्भावस्था और प्रसवोत्तर आहार संबंधी जानकारी साझा की। पोषण विशेषज्ञ अमिता सिंह ने घर में पौष्टिक खाना बनाने और जंक फूड से होने वाले नुकसान पर जोर दिया। कार्यक्रम मे आरंभ संस्था की टीम ने पौष्टिक आहार बनाम जंक फूड पर नाटक प्रस्तुत किया, जिसे प्रतिभागियों ने सराहा। करियर कॉलेज की प्राचार्य कौर ने विद्यार्थियों को संतुलित आहार की महत्ता बताई।


संयुक्त संचालक श्रीवास्तव ने कहा कि पहली बार पुरुषों की सक्रिय भागीदारी पोषण विषय में दिखाई दे रही है, जो स्वस्थ समाज के लिए सकारात्मक कदम है। उन्होंने सामूहिक शपथ दिलाई कि सभी पौष्टिक भोजन को बढ़ावा देंगे और जंक फूड को हतोत्साहित करेंगे। पोषण व्यंजन प्रदर्शनी में टेक होम राशन से बने ढोकला, लड्डू, बर्फी, पौष्टिक चीले सहित लगभग 250 व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। अंत में आभार अखिलेश चंद्र चतुर्वेदी ने व्यक्त किया।

#पोषणमाह2025 #पुरुषसहभागिता #भोपाल #पोषणजागरूकता #स्वस्थपरिवार