सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल के जयप्रकाश जिला चिकित्सालय से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भोपाल सांसद आलोक शर्मा और विधायक भगवानदास सबनानी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। अभियान के तहत जिले की 140 स्वास्थ्य संस्थाओं में आयोजित शिविरों में 20 हजार से अधिक नागरिकों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शुभारंभ कार्यक्रम में संभाग आयुक्त संजीत सिंह, कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, नगर निगम आयुक्त हरेंद्र नारायण, सीईओ जिला पंचायत इला तिवारी, क्षेत्रीय संयुक्त संचालक डॉ. नीरा चौधरी, सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा धार से किए गए राष्ट्रीय शुभारंभ का लाइव प्रसारण भी किया गया। सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेज गति से प्रगति के नए सोपान गढ़ रहा है। वहीं विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से नागरिकों को बड़ी राहत मिली है और महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए इस अभियान की शुरुआत की गई है।

अभियान के तहत 2 अक्टूबर तक जिलेभर में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। विभिन्न अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर 10 हजार से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। महिलाओं के लिए परामर्श, उपचार और जांच की विशेष सेवाएं दी गईं। जिले में 38 स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जिसमें 811 लोगों ने रक्तदान किया। जिला अस्पताल में मेडिसिन, स्त्री रोग, शिशु रोग, अस्थि रोग, नेत्र रोग सहित कई विभागों के विशेषज्ञों ने परामर्श दिया। आयुष विभाग ने आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक उपचार सेवाएं प्रदान कीं। साथ ही आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी निर्माण, सिकल सेल, एनीमिया और क्षय रोग जांच जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
#स्वस्थनारी #सशक्तपरिवार #जयप्रकाशअस्पताल #भोपाल #स्वास्थ्यअभियान