सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय में आज जे.के. हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर तथा एल. एन. मेडिकल कॉलेज द्वारा एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में जे.के. हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ.ए.के. चौधरी के नेतृत्व में 15 लोगों की टीम ने मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की। इस जांच टीम में मेडिसिन विभाग के डॉक्टर्स, लैब टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स, डाइटिशियन तथा शिविर संयोजक आदि शामिल रहे।

इस जांच शिविर में लोगों के रक्तचाप की जांच की गई।उनके वजन की जांच की गई तथा रक्त के नमूने एकत्रित कर उनमें विभिन्न प्रकार की जांच जैसे किडनी फंक्शन टेस्ट, लिवर फंक्शन टेस्ट तथा हेमेटोग्राम तथा शुगर की जांच की गई। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के रोगों से ग्रस्त लोगों को सामान्य परामर्श भी दिया गया तथा उनको अपनी दिनचर्या में किस प्रकार भोजन करना चाहिए एवं दिनचर्या कैसी रखनी चाहिए, इस संबंध में भी मुफ्त में सलाह दी गई। इस कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर संबोधित करते हुए जे.के. हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉक्टर ए.के. चौधरी ने उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सामान्य चेतावनी एवं जागरूक करते हुए विभिन्न प्रकार की सावधानी बरतनी हेतु आग्रह किया और साथ ही कहा कि, इस स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न प्रकार की रक्त संबंधी जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि, एक समय था, जब मोटापा खाते पीते घरों की निशानी मानी जाती थी। किंतु आज ऐसा नहीं है, मोटापा आज खराब स्वास्थ्य के निशानी मानी जाती है। उन्होंने कहा कि, उच्च रक्तचाप से लोगों के मस्तिष्क में स्ट्रोक हो सकता है तथा हार्ट भी फेल हो सकता है। इसलिए हमें अपने दिनचर्या को सुधारने की जरूरत है। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय के निर्देशक रतन सूर्यवंशी ने कहा कि, आज हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती है कि, कम खर्चे में हम आम लोगों तक कैसे स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाएं। उन्होंने शिविर में आए डॉक्टरों का आवाहन करते हुए है कि, आप अपने जीवन में सुनिश्चित करें की किस प्रकार गरीब लोगों को उचित कीमत पर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। कार्यक्रम में स्वागत भाषण आंतरिक गुणवत्ता एवं आश्वासन केंद्र के प्रभारी निदेशक नरेंद्र त्रिपाठी द्वारा दिया गया तथा कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय की वरिष्ठ सलाहकार निधि रावल गौतम द्वारा किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कर्मचारी, अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
#भोजमुक्तविश्वविद्यालय #स्वास्थ्यशिविर #भोपालसमाचार #स्वास्थ्यजांच #विश्वविद्यालयसमाचार