सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल मरीजों और उनके परिजनों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई नई पहल कर रहा है। दूरदराज़ से आने वाले मरीजों के लिए रेन बसेरा और विश्रामालय जैसी आवासीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, जहाँ 350-400 लोगों के ठहरने की व्यवस्था है। इन केंद्रों में निःशुल्क भोजन और स्वच्छ शौचालय की सुविधा भी प्रदान की जाती है। पूरे परिसर में पर्यावरण अनुकूल मिट्टी के घड़ों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया गया है।अस्पताल में “मे आई हेल्प यू” सुरक्षा कर्मी तैनात हैं, जो मरीजों को आवश्यक सुविधाओं तक पहुँचाने में मदद करते हैं। साथ ही स्पष्ट साइनबोर्ड के माध्यम से मार्गदर्शन सुनिश्चित किया गया है। रनर सेवा शुरू की गई है, जिससे वार्ड से प्रयोगशाला तक सैंपल और अमृत फार्मेसी से बिस्तर तक दवाएँ तेजी से पहुँचती हैं। आपातकालीन स्थिति में 24×7 एम्बुलेंस सेवा बेसिक और एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट सुविधाओं से सुसज्जित है।


एम्स भोपाल ने मरीजों और परिजनों के मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया है। आईपीडी क्षेत्र में सर्वधर्म प्रार्थना केंद्र और पूरे परिसर में हरियाली से सजाए गए बगीचे बनाए गए हैं। गांधी गैलरी राष्ट्रपिता के जीवन और विचारों से परिचित कराती है। मरीजों के पोषण के लिए फुली ऑटोमेटेड पेशेंट डाइट किचन संचालित है, जो चिकित्सकीय आवश्यकताओं के अनुसार भोजन प्रदान करता है। इन सभी पहलों के माध्यम से एम्स भोपाल ने एक रोगी-केंद्रित वातावरण का निर्माण किया है, जहाँ मरीजों को गुणवत्ता पूर्ण चिकित्सा, आराम और सुविधा सभी उपलब्ध हैं। यह कदम अस्पताल की मरीज कल्याण प्रतिबद्धता को और सशक्त बनाता है।

#एम्सभोपाल #स्वास्थ्यसेवाएँ #मरीजकल्याण #नईसुविधाएँ #भोपाल