सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :  मुख्यमंत्री एवं जनअभियान परिषद के अध्यक्ष मोहन यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय संगोष्ठी “स्वदेशी से स्वावलंबन” को संबोधित करते हुए कहा कि स्वदेशी वस्तुएं केवल उत्पाद नहीं, बल्कि हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, धरोहर और सम्मान का प्रतीक हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” अभियान को भारतीयता की भावना को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं देशी उत्पादों का उपयोग करें, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्वदेशी भावना ही सच्ची राष्ट्रसेवा का मार्ग है और इससे हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

संगोष्ठी का शुभारंभ वंदे मातरम् के गायन, दीप प्रज्ज्वलन और भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि से किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जनअभियान परिषद द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी पोस्टर और ब्रोशर का विमोचन किया, जिसमें स्वदेशी वस्तुओं की सूची दी गई है। इस अवसर पर जन अभियान परिषद और स्वदेशी जागरण मंच के बीच स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लघु उद्योगों से ही हमारी अर्थव्यवस्था सुदृढ़ है। उन्होंने प्रदेश में धार्मिक, आध्यात्मिक और वन पर्यटन के विकास, एमएसएमई और खनन क्षेत्र में निवेश और रोजगार सृजन की पहलों का भी जिक्र किया।

कार्यक्रम में बैतूल विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, जन अभियान परिषद उपाध्यक्ष मोहन नागर सहित स्वदेशी जागरण मंच के वरिष्ठ पदाधिकारी और अभियान से जुड़े विद्वतजन उपस्थित थे। संगोष्ठी में उपस्थित सभी को स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करने की शपथ दिलाई गई और आगामी ‘स्वदेशी जागरण सप्ताह’ की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।

#स्वदेशीसेस्वावलंबन #स्वदेशी #वोकलफॉरलोकल #मध्यप्रदेश