सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : परमहंस संत हिरदाराम साहिब की 119वीं जयंती पर गांधीनगर के पास एयरपोर्ट रोड स्थित सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय के नवनिर्मित विशाल भवन का लोकार्पण हुआ। इस अवसर पर संत सिद्ध भाउजी, सांसद आलोक शर्मा, विधायक सुदेश राय, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और दानदाता उपस्थित रहे। लोकार्पण समारोह में ट्रस्ट के अध्यक्ष संत सिद्ध भाउजी ने कहा कि नया अस्पताल भवन प्रदेश और आसपास के 12 जिलों के लगभग 2 करोड़ लोगों को नेत्र सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि “दान से धन बढ़ता है और सेवा से सेवा।”


सांसद आलोक शर्मा और विधायक सुदेश राय ने सेवा सदन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इससे सीहोर सहित अन्य जिलों के नागरिकों को भी लाभ मिलेगा। विधायक भगवानदास सबनानी ने बताया कि संतजी ने केवल नेत्र रोग ही नहीं, बल्कि रक्तदान, महिला साक्षरता, पेयजल, नैचुरोपैथी और गरीबों की सेवा के क्षेत्र में भी अमूल्य योगदान दिया है।

महापौर मालती राय ने घोषणा की कि नगर निगम अस्पताल तक पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 26 लाख रुपये स्वीकृत कर चुका है। इस अवसर पर संत सिद्ध भाउजी, महापौर राय और विधायक सबनानी ने परिसर में वृक्षारोपण भी किया। दानदाताओं में सुरेंद्र उपाध्याय (लंदन) और कुमार केवलरामानी (मुंबई) ने अस्पताल की स्थापना में सहयोग को संतजी की प्रेरणा का परिणाम बताया। डॉ. उपाध्याय ने कहा कि “जीवन में सबसे बड़ा दान नेत्रदान है।” स्वागत भाषण में जीव सेवा संस्थान के सचिव महेश दयारामानी ने बताया कि सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय ने अब तक 45 लाख से अधिक लोगों को नेत्र सुरक्षा सेवाओं का लाभ पहुँचाया है। अंत में मेडिकल डायरेक्टर डॉ. प्रेरणा उपाध्याय ने सभी दानदाताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि नया भवन राजधानी व आसपास के क्षेत्रों में उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं की नई पहचान बनेगा।

#सेवासदन #नेत्रचिकित्सालय #लोकार्पण #स्वास्थ्यसेवा #नेत्रसुरक्षा