सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने अटल पथ पर युवा मोर्चा द्वारा आयोजित ‘‘नमो युवा रन’’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया, जिसमें फिट इंडिया मूवमेंट और नशामुक्त भारत अभियान पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने युवाओं से अपील की कि वे हमेशा राष्ट्र प्रथम की भावना रखें और स्वदेशी अपनाएं। उन्होंने कहा कि तन और मन की शुचिता के साथ स्वस्थ रहना आवश्यक है, क्योंकि पहला सुख निरोगी काया से ही प्राप्त होता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और फिजिकल फिटनेस बनाए रखने का संकल्प दिलाया।

‘‘नमो युवा रन’’ का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति और सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है। यह दौड़ प्रदेश के 8 शहरों – भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर, रतलाम और उज्जैन में आयोजित की गई, जिसमें प्रत्येक स्थान पर न्यूनतम 10 हजार से अधिक युवा प्रतिभागी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर युवाओं से कहा कि सेवा पखवाड़ा देश की सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।

कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, भाजपा नेता और सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय समेत अन्य जनप्रतिनिधि और युवा मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘‘नमो युवा रन’’ न केवल फिटनेस और स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है, बल्कि युवा शक्ति के माध्यम से नशामुक्त भारत और 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने में मदद करेगा। यह दौड़ युवाओं में अनुशासन, खेल भावना और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।
#नमोयुवारन #भोपाल #मोहनयादव #फिटनेस #नशामुक्तभारत #युवा