सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत निरंकारी मिशन द्वारा आयोजित वार्षिक निरंकारी संत समागम 2025 का शुभारंभ अत्यंत भावपूर्ण वातावरण में हुआ। लगभग 600 एकड़ में फैले इस विशाल सेवा स्थल का उद्घाटन सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित ने अपने कर-कमलों से किया। इस अवसर पर मिशन की कार्यकारिणी समिति, केंद्रीय सेवादल अधिकारीगण और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। भोपाल जोन-24 ए से भी सैकड़ों भक्तों ने भागीदारी निभाई।
समागम सेवा के शुभारंभ पर सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि समागम केवल एकत्रित होने का नाम नहीं, बल्कि सेवा और आत्मिक साधना का अद्भुत संगम है। उन्होंने सभी को निरंकार का सुमिरण करते हुए अहंकार रहित सेवा भाव अपनाने का संदेश दिया और कहा कि हर किसी में परमात्मा का रूप देखकर सम्मान और प्रेम करना ही वास्तविक भक्ति है।
इस वर्ष के समागम का शीर्षक ‘आत्म मंथन’ रखा गया है, जिसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को अपने अंतर्मन में झाँकने, आत्मचिंतन करने और जीवन को सकारात्मक दिशा देने की प्रेरणा देना है। सतगुरु ने कहा कि परमात्मा अंदर और बाहर हर जगह है, इसलिए मन में किसी भी प्रकार की दीवार नहीं खड़ी करनी चाहिए। समागम स्थल पर लाखों भक्तों के लिए निवास, भोजन, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्थाएँ पूर्ण निःस्वार्थ भाव से की गई हैं। देश-विदेश से आए श्रद्धालु इस दिव्य उत्सव में शामिल होकर एकता, मानवता और आत्मिक आनंद का अनुभव कर रहे हैं। यह समागम न केवल मिशन के अनुयायियों के लिए, बल्कि समस्त मानवता के लिए प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश लेकर आया है।

#निरंकारीसमागम #सेवाभाव #मानवता #समर्पण #आध्यात्मिकउत्सव