सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में आगामी 12 अक्टूबर को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत 5 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में टास्क फोर्स बैठक आयोजित की गई। बैठक में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती इला तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मनीष शर्मा, महिला एवं बाल विकास अधिकारी, स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, शिक्षा विभाग, रेलवे अस्पताल, सीआरपीएफ, रोटरी क्लब, विश्व स्वास्थ्य संगठन और इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास तथा शिक्षा विभाग को अभियान में सक्रिय सहयोग के निर्देश दिए और परिजनों से अपील की कि वे बच्चों को पोलियो दवा अवश्य पिलाएँ। श्रीमती इला तिवारी ने प्रचार-प्रसार को सघन बनाने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने और कंट्रोल रूम स्थापित कर मॉनिटरिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। अभियान के पहले दिन ही अधिकतम बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 2699 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जिन पर 6144 टीकाकर्मी कार्य करेंगे और 360 सुपरवाइजर निगरानी रखेंगे। जिले में 118 ट्रांजिट बूथ तथा 80 मोबाइल टीम भी तैनात की गई हैं ताकि कोई बच्चा छूट न जाए। डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि भारत के पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं, इसलिए प्रत्येक बच्चे को दवा पिलाना अत्यंत आवश्यक है।

#पल्सपोलियो #भोपालसमाचार #राष्ट्रीयपोलियोअभियान #टीकाकरण #बालस्वास्थ्य #जनस्वास्थ्य