सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत सरकार ने देश के वरिष्ठ न्यूरोसर्जन पद्मश्री अशोक कुमार महापात्रा को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल का अध्यक्ष और संस्थान सभा का सदस्य नियुक्त किया है। ओडिशा के मूल निवासी डॉ. महापात्रा ने एम्स नई दिल्ली से स्नातकोत्तर प्रशिक्षण प्राप्त किया और एम.एस. (सर्जरी), एम.च. (न्यूरोसर्जरी) व डीएनबी (न्यूरोसर्जरी) की उपाधियाँ अर्जित कीं।

अपने शानदार करियर में उन्होंने एम्स नई दिल्ली में न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष, न्यूरोसाइंसेस सेंटर के प्रमुख और अनुसंधान डीन जैसे महत्वपूर्ण पद संभाले। 2017 में उन्होंने ओडिशा के जुड़े हुए जुड़वां बच्चों ‘जगा और कलिया’ को 16 घंटे की जटिल सर्जरी में अलग करने का ऐतिहासिक कार्य किया, जिसे 30 डॉक्टरों की टीम के साथ पूरा किया गया। यह उपलब्धि लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुई।
डॉ. महापात्रा ने न्यूरोसर्जरी, सिर की चोट, स्कल-बेस सर्जरी, मिर्गी शल्य चिकित्सा और मस्तिष्क ट्यूमर के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने 870 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए, 16 पुस्तकें लिखीं और 140 से अधिक पुस्तकों में अध्याय जोड़े हैं। उनके शोध को 13,500 से अधिक उद्धरण प्राप्त हुए हैं।
वे एम्स भुवनेश्वर के निदेशक, एसजीपीजीआईएमएस लखनऊ के निदेशक और एसओए विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर के कुलपति रह चुके हैं। अप्रैल 2025 में उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया गया। एम्स भोपाल के अध्यक्ष के रूप में उनका अनुभव संस्थान की चिकित्सा सेवा, शिक्षा और शोध में नई ऊर्जा और उत्कृष्टता लाने में सहायक होगा।
#पद्मश्रीअशोकमहापात्रा #एम्सभोपाल #न्यूरोसर्जन #स्वास्थ्यसेवा #भोपालसमाचार