सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम मुगलिया हाट में विभिन्न गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एन. एस. एस. स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम सर्वेक्षण से हुई, जिसके अंतर्गत ग्रामीणों से स्वच्छता, पेयजल, शौचालय सुविधाएँ तथा आवासीय व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी संकलित की गई।
स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर संवाद स्थापित किया एवं जनसमस्याओं की गहन जानकारी प्राप्त की। इसी क्रम में रेड रिबन क्लब के स्वयंसेवकों ने एच. आई.वी.वायरस के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु रैली का आयोजन किया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, सुरक्षित जीवनशैली एवं रोगों की रोकथाम के उपाय बताए गए। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डालिमा पारवानी ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में सहायक होते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। एन. एस.एस.और रेड रिबन क्लब की पहल से छात्र-छात्राएँ सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से ओत-प्रोत होते हैं और ग्रामीण जनजीवन में जागरूकता का संचार होता है। यह आयोजन ग्रामीणों में सामाजिक चेतना, स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास सिद्ध हुआ। महाविद्यालय प्रबंधन ने इस सफल कार्यक्रम के लिए एन. एस.एस.इकाई के सभी सदस्यों को बधाई दी।
#एनएसएस #रेड_रिबन_क्लब #स्वास्थ्य_जागरूकता #ग्राम_मुगलिया_हाट #सामाजिक_सेवा