सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नई दिल्ली स्थित माननीय सर्वोच्च न्यायालय की मीडिएशन एंड कंसिलिएशन प्रोजेक्ट कमेटी एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक राष्ट्रव्यापी “मीडिएशन फॉर द नेशन” विशेष 90 दिवसीय अभियान चलाया गया। इस पहल का उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों को सुलह-सहमति के माध्यम से हल कर आमजन को त्वरित और किफायती न्याय प्रदान करना था। मध्यप्रदेश में यह अभियान उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधिपति एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक संजीव सचदेवा और कार्यकारी अध्यक्ष न्यायाधिपति अतुल श्रीधरन के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रदेशभर के उच्च, जिला और तहसील न्यायालयों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा अधिवक्ताओं, पक्षकारों और आम नागरिकों को आपसी संवाद से विवाद सुलझाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के परिणामस्वरूप मध्यप्रदेश में कुल 4,552 प्रकरणों का समाधान मध्यस्थता के माध्यम से किया गया। भोपाल जिले में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में अभियान को विशेष सफलता मिली। प्रधान जिला न्यायालय, कुटुंब न्यायालय और तहसील न्यायालय बैरसिया में 200 से अधिक मामलों का निपटारा सुलह-सहमति के आधार पर किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनीत अग्रवाल ने बताया कि जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रयास किए गए— लोक स्थानों पर बैनर लगाए गए, पम्पलेट वितरित किए गए और 12 जुलाई को भव्य बाइक रैली आयोजित की गई। इस अभियान ने समाज में मध्यस्थता की भावना को सशक्त बनाया और न्यायिक प्रक्रिया में सहयोगी दृष्टिकोण को प्रोत्साहित किया।

#भोपाल #मध्यस्थता #मीडिएशन #विधिकसेवा #न्याय #सुलहसहमति #प्रकरणनिराकरण