सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल के कुलगुरु सचिवालय स्थित क्षिप्रा सभागार में राज्य स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य किशोर और युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सही जानकारी का प्रसार करना रहा।


इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सात विश्वविद्यालयों से चयनित विजेता स्वयंसेवकों ने भाग लिया और सात अलग-अलग राउंड्स में अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया। श्रोताओं में शामिल 200 रेड रिबन क्लब के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय रूप से सहभागिता की। क्विज़ मास्टर सुनित काशिव ने प्रश्नोत्तरी का संचालन किया, जबकि तकनीकी सहयोग डॉ. पंकज खैरनार और अभिषेक अग्रवाल ने दिया। मुख्य अतिथि एवं परियोजना संचालक, राज्य एड्स नियंत्रण समिति, शुचिस्मिता सक्सेना ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि हार-जीत जीवन की सीख है और युवाओं को एचआईवी/एड्स उन्मूलन के लिए संकल्पित होना चाहिए। संयुक्त निदेशक (आई.ई.सी.) सविता ठाकुर ने नए स्वयंसेवकों से रेड रिबन क्लब के माध्यम से जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। डॉ. विवेक शर्मा प्रभारी कुलगुरु ने समिति के प्रयासों की सराहना की, वहीं राज्य एनएसएस अधिकारी मनोज कुमार अग्निहोत्री ने युवाओं को समाज सेवा में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा दी।


प्रतियोगिता में जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर की टीम (देवेंद्र सिंह राठोर एवं दिपांशु शर्मा) ने प्रथम, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल की टीम (आदित्य जायसवाल एवं कृष्णा सक्सेना) ने द्वितीय और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर की टीम (अमन द्विवेदी एवं यश चौधरी) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विजेता टीमों को क्रमशः ₹10,000, ₹7,000 और ₹5,000 की नकद राशि से सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त दल आगामी 22 सितंबर को हरियाणा में आयोजित रीजनल प्रतियोगिता में भाग लेगा। इस सफल आयोजन का दायित्व बरकतउल्ला विश्वविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ भोपाल द्वारा निभाया गया। सह-आयोजन भोपाल स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज तथा रेड रिबन क्लब ने किया। आयोजन अनंत कुमार सक्सेना और राहुल सिंह परिहार के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ, जबकि आभार डॉ. डी.बी. सिंह ने व्यक्त किया।

#एड्सजागरूकता #प्रश्नमंचप्रतियोगिता #भोपाल #राष्ट्रीयसेवासंस्थान #रेडरिबनक्लब