सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / दिल्ली : ‘बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए संकल्प और साधना की आवश्यकता होती है। प्रशासनिक सेवा कैरियर के साथ साथ देश की सेवा का भी बड़ा मंच है जहाँ से अनेक उपायों से हम अपने देशवासियों के लिए भलाई के काम कर सकते हैं।’ भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी और पीतमपुरा के अतिरिक्त जिला पुलिस उपायुक्त नर्रा चैतन्य ने हिन्दू कालेज में राष्ट्रीय सेवा योजना आदिवास पर कहा कि नियमित और गहन अध्ययन किसी भी परीक्षा में सफलता के लिए आवश्यक है।उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन से पुलिस सेवा तक के विभिन्न प्रसंगों और संस्मरणों को भी साझा किया। चैतन्य ने राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित करते हुए स्वयं सेवकों और विद्यार्थियों का आह्वान किया कि स्वच्छता और अनुशासन को अपने जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाएं। चैतन्य ने कहा कि यदि हम नागरिक अधिकारों का उपयोग करने के साथ साथ आवश्यक कानूनों का उचित ढंग से पालन नहीं करते तो हम अच्छे नागरिक नहीं हो सकते। उन्होंने यातायात और परिसर सम्बन्धी प्रावधानों की चर्चा करते हुए इनकी अनुपालना का महत्त्व प्रतिपादित किया।

आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ पल्लव ने कहा कि युवा स्वयं सेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल मंत्र को समझने और उसे अपने जीवन का दृष्टि बिंदु बनाने की आवश्यकता है। डॉ पल्लव ने तेलुगु के सप्रसिद्ध कवि गुरजाड अप्पाराव के दो प्रसिद्ध पदों का मूल तेलुगु और तदन्तर हिंदी भावार्थ भी प्रस्तुत कर देशप्रेम को वास्तविक आशयों में ग्रहण करने की प्रेरणा दी। इससे पहले समारोह का शुभारंभ औपचारिक स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके उपरान्त एनएसएस गान और हिन्दू कॉलेज की भारतीय संगीत संस्था अलंकार द्वारा एक मधुर प्रस्तुति दी गई। समारोह में हिन्दू कॉलेज की एनएसएस इकाई का परिचय दिया गया

तथा एक वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से इकाई की वर्षभर की गतिविधियों एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। इसके बाद पुरस्कृत करने का क्रम आरम्भ हुआ, जिसमें इकाई ने अपने उत्कृष्ट स्वयंसेवकों सचिन लोधी, अमन, अविनूर, प्रिया, निशा, रौनक, प्रशंसा और प्रकाम्या को उनके असाधारण समर्पण एवं योगदान के लिए सम्मानित किया। समारोह में हिन्दू कॉलेज की भारतीय नृत्य संस्था अधृता ने एक मनमोहक नृत्य-प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में एक सांस्कृतिक प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें यश विजेता रहे, वहीं द्वितीय स्थान कुणाल किशोर और तृतीय स्थान तनवीर वारिंग ने प्राप्त किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थी अध्यक्ष निशान्त सिंह ने आभार प्रदर्शित किया। आयोजन में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित थे।

#राष्ट्रीयसेवायोजनादिवस #हिंदूकॉलेज #एनएसएस #समाजसेवा #छात्रसक्रियता