सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) दिनांक 21 जून 2026 को आयोजित की जा रही है। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले हजारों अभ्यर्थियों की सुविधा एवं उनके परीक्षा केन्द्रों तक सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल द्वारा विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं।

भोपाल मंडल के अंतर्गत परीक्षा केन्द्रों वाले प्रमुख शहरों भोपाल, विदिशा, होशंगाबाद, गुना एवं अशोकनगर में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आगमन की संभावना को देखते हुए संबंधित रेलवे स्टेशनों पर विशेष हेल्प बूथ स्थापित किए गए हैं। इन हेल्प बूथों पर रेलवे कर्मचारियों द्वारा परीक्षार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की जाएगी।

सीनियर मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि हेल्प बूथों पर परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्रों तक पहुँचने के मार्ग, स्थानीय परिवहन सुविधाओं, स्टेशन परिसर की आवश्यक जानकारियों तथा अन्य उपयोगी सूचनाओं के संबंध में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसरों में यात्रियों एवं अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु पूछताछ व्यवस्था एवं उद्घोषणा प्रणाली को भी सुदृढ़ किया गया है।

नीट परीक्षार्थियों हेतु प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प बूथ स्थापित

परीक्षा दिवस पर रेलवे सुरक्षा बल, वाणिज्य एवं परिचालन विभाग के कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है ताकि स्टेशन परिसरों एवं प्लेटफार्मों पर यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनी रहे। आवश्यकता अनुसार कतार प्रबंधन, मार्गदर्शन एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाएँ भी सुनिश्चित की गई हैं।

भोपाल मंडल के क्षेत्राधिकार में स्थित परीक्षा केन्द्रों वाले शहरों में भोपाल में 13,774, गुना में 1,839, विदिशा में 1,709, होशंगाबाद में 1,283 तथा अशोकनगर में 865 परीक्षार्थियों के परीक्षा में सम्मिलित होने की संभावना है। रेलवे प्रशासन द्वारा इन सभी स्टेशनों पर विशेष निगरानी रखने एवं परीक्षार्थियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।

रेल प्रशासन ने परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा के लिए पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुँचें तथा किसी भी प्रकार की सहायता हेतु स्टेशन पर स्थापित हेल्प बूथों एवं रेलवे कर्मचारियों से संपर्क करें।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #Neet #2026 #उनक