सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  : देश में तेजी से बढ़ रही मोटापा, डायबिटीज और दिल की बीमारियों को देखते हुए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब AIIMS, IIT जैसे केंद्रीय संस्थानों की कैंटीन्स में समोसा, जलेबी, लड्डू और वड़ा पाव जैसे नाश्तों पर ‘तेल और शक्कर चेतावनी बोर्ड’ लगाए जाएंगे। इन बोर्ड्स पर खाद्य पदार्थों में मौजूद शुगर और कैलोरी की मात्रा बताई जाएगी, ताकि लोग जंक फूड के खतरों से सतर्क हो सकें।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं और AIIMS नागपुर जैसे संस्थानों ने इसे लागू करना शुरू कर दिया है। उदाहरण के लिए बोर्ड पर यह लिखा जा सकता है कि “एक गुलाब जामुन में पांच चम्मच चीनी होती है।” इन चेतावनी बोर्ड्स को कैंटीन, अस्पताल परिसर और अन्य सार्वजनिक जगहों पर लगाया जाएगा।

सरकार का उद्देश्य जंक फूड को उसी तरह स्वास्थ्य के लिए खतरनाक बताना है जैसे सिगरेट को। हालांकि यह चेतावनियां खाने की पैकिंग पर नहीं, बल्कि सूचना बोर्ड्स और पोस्टर्स के रूप में होंगी।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 2050 तक भारत में 44.9 करोड़ लोग मोटापे या अधिक वजन से प्रभावित हो सकते हैं। इस पहल के जरिए सरकार नागरिकों में बेहतर आहार जागरूकता लाना चाहती है। जल्द ही ये चेतावनी बोर्ड सभी केंद्रीय संस्थानों में अनिवार्य रूप से नजर आएंगे।

#स्वास्थ्य_चेतावनी #समोसा #जलेबी #कैंटीन_नियम #AIIMS #IIT #शक्कर_तेल_चेतावनी #जंक_फूड #हेल्थ_अलर्ट #सरकारी_नियम