सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: ‘आवाज उठाने वालों के पर काटे’, हरमीत सिंह का आप पर हमला
नई दिल्ली: पंजाब की राजनीति में हलचल के बीच आम आदमी पार्टी (आप) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि आप ने शुरुआत में पंजाब के विकास और बदलाव का बड़ा विजन पेश किया था, लेकिन समय के साथ पार्टी में आवाज उठाने वाले नेताओं को किनारे किया जाने लगा। उन्होंने कहा, “विजन दिखाने वालों ने ही आवाज उठाने वालों के पर काटे।”
हरमीत सिंह पठानमाजरा के साथ पंजाब के दो अन्य नेता कुंवर विजय प्रताप सिंह और चेतन सिंह जौरामाजरा भी भाजपा में शामिल हुए। तीनों ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यह घटनाक्रम पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सामने आया है।
पठानमाजरा ने पंजाब की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य राज्य को फिर से उभरता पंजाब बनाना है। उन्होंने आप सरकार पर राज्य को कर्ज के बोझ में डालने और नशे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पाने का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, पंजाब को विकास और बेहतर शासन की दिशा में आगे ले जाने की जरूरत है।
वहीं, कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी आप नेतृत्व की आलोचना करते हुए राज्य में नशे, अपराध, जबरन वसूली और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे उठाए। तीनों नेताओं का भाजपा में जाना पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित करने वाला घटनाक्रम माना जा रहा है।
आप नेताओं ने इस राजनीतिक घटनाक्रम पर भाजपा की आलोचना की है। ऐसे में दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने के आसार हैं।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #आवाज #उठाने #वालों #काटे #हरमीत #सिंह #हमला #आवाजउठानेवालोंके