आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल और हमास की जंग के बीच इजराइली डिफेंस फोर्सेस (IDF) को बड़ी कामयाबी मिली है। IDF के मुताबिक- रविवार रात उसने गाजा की सबसे बड़ी सुरंग को खोज निकाला है। अब तक इसका सिर्फ 4 किलोमीटर का हिस्सा क्लियर किया जा सका है।
‘टाइम्स ऑफ इजराइल’ की रिपोर्ट के मुताबिक- रविवार को गाजा के उत्तरी इलाके में यह सुरंग एक रेड के दौरान मिली। खास बात ये है कि यह सुरंग इजराइली सीमा के काफी करीब तक पहुंचती है। कई जगह तो यह जमीन से 165 फीट नीचे तक पाई गई है।
IDF के मुताबिक- सुरंग के ज्यादातर हिस्से से मिनी ट्रक तक गुजर सकते हैं। ये माना जा सकता है कि हमास की टॉप लीडरशिप इसका इस्तेमाल करती होगी, क्योंकि यहां ऐश-ओ-आराम की कई चीजों के अलावा सैटेलाइट फोन भी मिले हैं।
IDF ने कहा- पिछले कुछ हफ्तों से हमारी नजर ऐसी ही किसी सुरंग पर थी। इसकी वजह यह थी कि हमास के आतंकी उत्तरी इलाके में हमले के बाद अचानक गायब हो जाते थे। जब इलेक्ट्रॉनिक मैपिंग के जरिए पता लगाया गया तो इस बारे में जानकारी मिली।
याह्या सिनवार के भाई ने बनवाई थी सुरंग
IDF द्वारा सोशल मीडिया पर जारी बयान के मुताबिक- यह टनल प्रोजेक्ट हमास लीडर याह्या सिनवार के भाई मोहम्मद सिनवार ने तैयार कराया था। मोहम्मद खान यूनिस इलाके में हमास का बटालियन कमांडर है। दूसरी तरफ, इजराइल की डिफेंस फोर्सेस ने जानकारी दी है कि गाजा से एक हजार लोगों को बंधक बनाया गया है।
इन पर आतंकी होने का शक है। हाल ही में गाजा से कई तस्वीरें सामने आई थीं, जिसमें निर्वस्त्र लोगों से सरेंडर कराया जा रहा था। वहीं, अमेरिका और जर्मनी के बाद अब इटली ने भी इजराइल पर सीजफायर के लिए दबाव बढ़ा दिया है। अमेरिकी डिफेंस मिनिस्टर लॉयड ऑस्टिन इसी हफ्ते तेल अवीव पहुंच रहे हैं।
हमास की टनल मिलने के बाद उसे खोलते इजराइली सैनिक।
हमास की टनल खोलने के बाद उसमें रोशनी के सहारे अंदर घुसते हुए IDF का सैनिक।
इजराइल कई पत्रकारों को हमास की सबसे लंबी टनल के अंदर लेकर गया और वहां के हालात दिखाए।
हमास की सबसे लंबी टनल में हालातों का जायजा लेते इजराइली सैनिक।
इजराइल पर अमेरिकी दबाव बढ़ा
अमेरिकी विदेश मंत्री लॉयड ऑस्टिन इस हफ्ते एक बार फिर इजराइल पहुंच रहे हैं। अमेरिकी सरकार ने जंग का दायरा सीमित करने और सीजफायर के लिए इजराइल पर दबाव बढ़ाना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि कुवैत में सीक्रेट डिप्लोमैसी के तहत इस पर बातचीत चल रही है। इसके साथ ही नॉर्वे में भी कुछ बातचीत की खबरें हैं।
माना जा रहा है कि ऑस्टिन तेल अवीव में इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से अकेले में मुलाकात करेंगे। इसके बाद वो डिफेंस मिनिस्टर योव गैलेंट से भी मिलेंगे। ऑस्टिन के तेल अवीव पहुंचने से पहले इजराइल ने एक बार फिर साफ कर दिया कि अगर उसे किसी देश का साथ नहीं मिला तो भी वो इस जंग को तब तक बंद नहीं करेगा, जब तक हमास खत्म नहीं हो जाता।