आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश के ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में 17-18 अक्टूबर को बारिश हो सकती है। ऐसा वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने से होगा। इससे बाद ठंड का असर भी बढ़ जाएगा। बुधवार को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन समेत प्रदेश के कई शहरों में गर्मी का असर देखने को मिला। कई जगहों पर दिन का टेम्प्रेचर 35 डिग्री के पार ही रहा।

मौसम वैज्ञानिक एसएन साहू ने बताया कि हिमालय की ओर 13 अक्टूबर को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। जिसका असर प्रदेश में 17 और 18 अक्टूबर को रहेगा। इस वजह से ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों में बारिश होने के आसार है। सागर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

अक्टूबर में बारिश, गर्मी-ठंड का ट्रेंड

मानसून की विदाई के बाद अक्टूबर में बारिश, गर्मी और ठंड पड़ने का ट्रेंड है। दिन में तेज गर्मी रहती है तो रात में गुलाबी ठंड। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में महीने में एक-दो बार हल्की बारिश भी होती है। इस बार भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना हुआ है।

सीधे जमीन पर आ रही धूप, बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड

पिछले 11 दिनों से प्रदेश में तेज गर्मी पड़ रही है। प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव नहीं होने से बादल नहीं है और धूप सीधे जमीन पर आ रही है। इस कारण धूप की तीव्रता 20% तक ज्यादा है। इसके अलावा राजस्थान से सूखी हवा भी आ रही है। इस वजह से गर्मी का असर है। चूंकि, पहाड़ों में बर्फबारी होने लगी है। ऐसे में अगले कुछ दिनों के बाद प्रदेश में तेज ठंड की शुरुआत हो जाएगी।

दमोह में लगातार तीसरे दिन पारा 37 डिग्री पार

बुधवार को दमोह सबसे गर्म रहा। यहां लगातार तीसरे दिन पारा 37 डिग्री के पार रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री रहा। खजुराहो, रीवा, गुना, ग्वालियर, शिवपुरी में तापमान 36 डिग्री से अधिक रहा। भोपाल, उज्जैन, नर्मदापुरम, जबलपुर, नरसिंहपुर, सागर, सतना, सीधी में पारा 35 डिग्री या इससे अधिक रहा।