आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में आज यानी सोमवार (18 दिसंबर) को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 46 अंक की गिरावट के साथ 71,437 के लेवल पर खुला। वहीं निफ्टी में भी 22 पॉइंट की गिरावट रही। ये 21,434 के स्तर पर ओपन हुआ।
शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 में गिरावट और 14 में तेजी देखने को मिल रही है। इससे पहले शुक्रवार काे शेयर बाजार ने ऑल टाइम हाई बनाया था।
आज से 3 IPO हुए ओपन
आज शेयर मार्केट में लिस्टिंग के लिए 3 इनिशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO ओपन हो गए हैं। इसमें मुथूट माइक्रोफिन लिमिटेड, मोतीसंस ज्वेलर्स लिमिटेड और सूरज एस्टेट डेवलपर्स लिमिटेड शामिल हैं। वहीं, आईनॉक्स इंडिया लिमिटेड के IPO में निवेश का आज आखिरी दिन है, यह इश्यू 14 दिसंबर को ओपन हुआ था।
इसके अलावा 5 अन्य IPO में भी इस हफ्ते निवेश का मौका मिलेगा, जिसमें हैप्पी फोर्जिंग्स लिमिटेड, RBZ ज्वेलर्स लिमिटेड, क्रेडो ब्रांड्स मार्केटिंग लिमिटेड, आजाद इंजीनियरिंग लिमिटेड और इनोवा कैपटैब लिमिटेड शामिल हैं। आइए इन सभी कंपनियों के IPO के बारे में एक-एक करके जानते हैं। आज से सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश का मौका
सरकार फिर एक बार सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश करने का मौका दे रही है। बॉन्ड की नई सीरीज आज सोमवार (18 दिसंबर) से खुल गई है। इसमें 22 दिसंबर तक निवेश का मौका मिलेगा। इस बार सरकार ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड के लिए 6,199 रुपए प्रति ग्राम का भाव तय किया है।
ऑनलाइन अप्लाय करने और डिजिटल पेमेंट करने पर प्रति ग्राम 50 रुपए का डिस्काउंट मिलेगा। यानी आपको 1 ग्राम सोने के लिए 6,149 रुपए देने होंगे।
शुक्रवार को सेंसेक्स ने बनाया था नया हाई
इससे पहले शुक्रवार (15 दिसंबर) को शेयर बाजार ने ऑल टाइम हाई बनाया था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 71,605.76 और निफ्टी ने 21,492.30 का स्तर छुआ। हालांकि, बाद में ये थोड़ा नीचे आया और सेंसेक्स 969 अंक की तेजी के साथ 71,483 के लेवल पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 273 पॉइंट की तेजी रही। ये 21,456 के स्तर पर बंद हुआ था।