आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल-हमास जंग का आज 69वां दिन है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इजराइली सेना गाजा में कब्रिस्तानों को भी तबाह कर रही है। रिपोर्ट में कहा गया कि इजराइली टैंकों ने शाजाये शहर के ट्यूनीशियाई कब्रिस्तान, जबलिया के अल-फलूजा कब्रिस्तान समेत 6 कब्रिस्तानों को तबाह कर दिया।

इसकी सैटेलाइट तस्वीरें सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। इनमें कब्रों को रौंदते हुए निकले इजराइली टैंकों के निशान दिखाई दे रहे हैं। जंग में अब तक गाजा के 19 हजार लोग मारे जा चुके हैं। गाजा में कब्रिस्तानों में जगह नहीं होने के चलते सामुहिक कब्रगाह बनाए जा रहे हैं।

वहीं, अमेरिका में एक 51 साल के टीचर बेंजामिन रीज को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने 3 मुस्लिम छात्राओं को गला काटने की धमकी दी थी। अमेरिकी मीडिया हाउस CNN की रिपोर्ट के मुताबिक बेंजामिन ने एक स्टूडेंट को कार से घसीटने की भी चेतावनी दी थी। वीडियो में टीचर स्टूडेंट्स का हॉल में पीछा करते हुए और फिर उन्हें धमकी देते हुए दिखाई दे रहा है। कतरी मीडिया हाउस अलजजीरा के मुताबिक स्टूडेंट्स ने टीचर से पूछा था कि क्लास के बाहर इजराइल का झंडा क्यों लगा है। इस पर टीचर नाराज हो गया था।

अमेरिका की चेतावनी – गाजा पर हमले कम करे इजराइल

इस बीच अमेरिका ने इजराइल से गाजा में हमले कम करने को कहा है। राष्ट्रपति जो बाइडेन का कहना है कि इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को गाजा में फिलिस्तीनियों की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, तेल अवीव पहुंचे अमेरिकी NSA जैक सुलिवन से इजराइल के डिफेंस मिनिस्टर योव गैलेंट ने कहा- यह जंग अभी कई महीने चलेगी।

सीजफायर नहीं करेगा इजराइल

अमेरिकी NSA जेक सुलिवन और इजराइली डिफेंस मिनिस्टर योव गैलेंट की मुलाकात के बाद गैलेंट के दफ्तर की तरफ से एक लिखित बयान जारी किया गया।

इसमें कहा गया- हमने अमेरिका को बता दिया है कि यह जंग अभी लंबी चलेगी, शायद कई महीने। हमास आतंकी संगठन है और उसने जंग के लिए कई साल तैयारी की है। इसके लिए जमीन के नीचे इन्फ्रास्ट्रक्चर बनाया है। इस टनल नेटवर्क को खत्म करना आसान नहीं है। इसमें कई महीने लगेंगे। हम भी तैयार हैं, और इस टनल नेटवर्क को खत्म करके ही दम लेंगे।

गैलेंट और सुलिवन ने लेबनान की तरफ से इजराइल पर हो रहे हमलों पर भी विचार किया। सुलिवन ने कहा- इजराइल बंधकों की रिहाई के लिए जो कुछ कर रहा है, मैं उससे सहमत हूं। इजराइल को मदद देते रहेंगे। दोनों देशों का मकसद एक है और ये पूरे मिडिल-ईस्ट के लिए जरूरी कदम है। गाजा में आम लोगों को बचाने के लिए इजराइल ने जरूरी कदम उठाए हैं। हम इन पर नजर रख रहे हैं।