सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से समुदाय को उन्नत और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश द्वारा सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारियो की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं एवं वीआईए आधारित गर्भाशय ग्रीवा कैंसर स्क्रीनिंग का तीन दिवसीय संयुक्त प्रशिक्षण प्रारम्भ किया गया है।
प्रशिक्षण का प्रथम बैच शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सिवनी में आयोजित किया गया,जिसमें चिकित्सा महाविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा 35 सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारियों को आपातकालीन देखभाल एवं वीआईए स्क्रीनिंग के कौशलों का प्रशिक्षण दिया। मैनिकिन आधारित हैंड्स -ऑन प्रैक्टिस के माध्यम से प्रतिभागियों ने सीपीआर, एबीसीडीई असेसमेंट, श्वसन व रक्तसंचार आपातस्थिति, ट्रॉमा प्रबंधन, रक्तस्राव नियंत्रण, मातृ एवं नवजात आपातकाल जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण/अभ्यास कराया गया।
वीआईए प्रशिक्षण के अंतर्गत, गर्भाशय ग्रीवा की संरचना, वीआईए प्रक्रिया के चरण, स्क्रीनिंग अंतर्गत एसिटिक एसिड के उपयोग, वीआईए पॉजिटिव/नेगेटिव परिणामों की व्याख्या, परामर्श, संक्रमण नियंत्रण, दस्तावेजीकरण एवं रेफरल के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रतिभागियों ने वीआईए प्रक्रिया की तकनीक का अभ्यास कर उपयोगी कौशल अर्जित किया। यह प्रशिक्षण महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की शीघ्र पहचान एवं रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे जनसमुदाय में स्क्रीनिंग की बढ़ोतरी होगी और स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।
आगामी चरणों में इसी प्रकार के प्रशिक्षण मंदसौर सतना एवं विदिशा के चिकित्सा महाविद्यालयों में आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रदेश के सभी सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारियों को आपातकालीन प्रबंधन एवं वीआईए स्क्रीनिंग हेतु आवश्यक तकनीकी दक्षता प्राप्त हो सके।
राज्य के चिकित्सा महाविद्यालयों के सहयोग से यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य और आपातकालीन देखभाल को नई दिशा और गति प्रदान करेगी।

#आपातकालीनसेवाएं #वीआईएस्क्रीनिंग #सामुदायिकस्वास्थ्यअधिकारी #प्रशिक्षणकार्यक्रम #स्वास्थ्यविभाग #स्वास्थ्यसमाचार