आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : वोडाफोन-आइडिया लिमिटेड (VI) ने उस खबर को खारिज कर दिया है, जिसमें एलन मस्क की स्टार लिंक प्रोजेक्ट के साथ टाइअप और हिस्सेदारी बेचने की बात कही गई थी। VI ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि 29 दिसंबर 2023 को बिजनेस वर्ल्ड में लगी खबर के आधार के बारे में हमें जानकारी नहीं है।
हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि कंपनी सेबी लिस्टिंग के नियमों का पालन करेगी।’ इस खबर के बाद वोडाफोन-आइडिया के शेयर में 5% से ज्यादा की गिरावट देखी जा रही है।
इससे पहले बिजनेस वर्ल्ड ने 29 दिसंबर 2023 को एक रिपोर्ट पब्लिश की थी जिसमें दावा किया गया था कि एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक के साथ हिस्सेदारी बिक्री को लेकर कंपनी की बातचीत चल रही है। इसी रिपोर्ट के आधार पर SEBI ने उनसे जवाब मांगा था।
बीते दो कारोबारी दिन में 23% बढ़ा शेयर
बीते दो कारोबारी दिनों में VI का शेयर 23% उछला है। 28 दिसंबर 2023 को यह ₹13.25 था जो 1 जनवरी को बढ़कर ₹18.42 के 52 वीक हाई पर पहुंच गया। हालांकि, बाद में इसमें कुछ गिरावट आई और ये 5.94% बढ़कर 16.95 रुपए पर बंद हुआ था।
सितंबर 2023 में भी स्टेक सेल की खबर आई थी
इसके पहले भी सितंबर 2023 में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि वोडाफोन-आइडिया में अमेरिकी कंपनी वेरिजॉन, अमेजन या स्टारलिंक हिस्सेदारी खरीद सकतीं हैं। हालांकि कंपनी ने 18 सितंबर को इन खबरों को गलत बताया और इन कंपनियों के साथ किसी भी तरह के नेगोशिएशन की खबरों से इनकार किया था।
दूर-दराज के इलाकों में भी तेज इंटरनेट देता है स्टारलिंक
स्टारलिंक का काम दूर-दराज के इलाकों को सैटेलाइट के जरिए तेज इंटरनेट से जोड़ना है। इसमें कंपनी एक किट उपलब्ध करवाती है, जिसमें राउटर, पावर सप्लाई, केबल और माउंटिंग ट्राइपॉड दिया जाता है। हाई-स्पीड इंटरनेट के लिए डिश को खुले आसमान के नीचे रखा जाता है। iOS और एंड्रॉइड पर स्टारलिंक का ऐप मौजूद है, जो सेटअप से लेकर मॉनिटरिंग करता है।
भारत में सैटेलाइट इंटनेट सर्विसेज देंगे एलन मस्क: उनकी कंपनी स्टारलिंक को जल्द मिल सकता है लाइसेंस; एयरटेल-जियो भी रेस में
एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक को देश में वॉइस और डेटा कम्युनिकेशन सर्विसेज देने के लिए जल्द लाइसेंस मिल सकता है। ET की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि डेटा स्टोरेज और ट्रांसफर नॉर्म्स पर मिले स्टारलिंक की ओर रिस्पॉन्स से भारत सरकार संतुष्ट है।