सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : महिला एवं बाल विकास विभाग, फंदा परियोजना और अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन (फंदा ग्रामीण) के संयुक्त तत्वावधान में बैरागढ़ स्कूल में शाला पूर्व शिक्षा पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इस आयोजन में परियोजना की 18 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत 3-6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए किए जा रहे नवाचारों और शैक्षिक गतिविधियों को पेपर प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया।
कार्यकर्ताओं की प्रस्तुतियों में शारीरिक, मानसिक, सामाजिक-भावनात्मक, सौंदर्यबोध और भाषायी विकास जैसे पांच प्रमुख क्षेत्रों पर किए गए कार्यों की सराहना की गई। लगभग 150 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।
आईसीडीएस परियोजना अधिकारी कोमल सिंह ने कहा कि शाला पूर्व शिक्षा से बच्चों के समग्र विकास की नींव मजबूत होती है। उन्होंने यह भी कहा कि हर केंद्र तक यह सुविधा पहुंचे, ताकि शिक्षा की बुनियाद और सशक्त हो सके।
डाइट प्राचार्य सुभाष गुप्ता ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को शैक्षिक सुधार की दिशा में प्रेरक बताया, वहीं अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के ब्लॉक समन्वयक सिद्धार्थ कुमार जैन ने मंच को नवाचार और अनुभव साझा करने का प्रभावी अवसर बताया।
कार्यक्रम में टीएलएम, कहानी पोस्टर, बच्चों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन पारूल बत्रा ने किया और आयोजन को सफल बनाने में शुभ्रा मिश्रा सहित कई लोगों का योगदान रहा।
#शाला_पूर्व_शिक्षा #आंगनवाड़ी_कार्यकर्ता #राष्ट्रीय_शिक्षा_नीति #बाल_विकास #शैक्षिक_नवाचार #बच्चों_की_नींव #फंदा_परियोजना