सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति की बैठक कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में दक्षिण-पश्चिम विधानसभा विधायक भगवानदास सबनानी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में प्रस्तावित कलेक्टर गाइडलाइन वर्ष 2026-27 पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान पंजीबद्ध दस्तावेजों का संपदा पोर्टल के माध्यम से विश्लेषण तथा सैटेलाइट डिटेक्टेड बदलावों से प्राप्त लोकेशन की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई। साथ ही आमजन से प्राप्त कुल 63 सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अलार्क रेसिडेंसी की दरों में कमी संबंधी सुझाव को समिति ने आंशिक रूप से स्वीकार किया। ग्राम भौरी में कृषि भूमि की दरों को यथावत रखने का निर्णय लिया गया, जबकि भूखंड दरों में कमी के सुझाव पर भी विचार किया गया। नूर-उस-सबाह रेसिडेंसी, कोहेफिजा द्वारा प्रस्तुत दर संशोधन का प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया गया।

वहीं ग्राम महोली स्थित मेफेयर कॉलोनी की दरों में आंशिक संशोधन को मंजूरी दी गई। गोल्डन सिटी जाटखेड़ी की दरों में वृद्धि वापस लेने का सुझाव अमान्य किया गया, जबकि भोजपुर रोड स्थित ग्राम दीपड़ी में पूर्व प्रस्ताव अनुसार ही दरें यथावत रखी गईं। ग्रामीण क्षेत्रों में गाइडलाइन से अधिक दरों पर हो रहे सौदों के संबंध में प्राप्त सुझाव को समिति ने स्वीकार किया। बैठक में संपत्ति के पुनः अंतरण (री-ट्रांसफर) पर स्टाम्प ड्यूटी समायोजन का सुझाव भी रखा गया, जिसे विधायक द्वारा समर्थन देते हुए शासन एवं केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजने की अनुशंसा की गई। अंत में कलेक्टर ने प्रस्तावित गाइडलाइन 2026-27 को अंतिम रूप देने हेतु शीघ्र ही अगली बैठक आयोजित करने की बात कही।
#जिला_प्रशासन #बैठक #मूल्यांकन #विकास #सरकारी_योजना #प्रशासन #रिव्यू #इंडिया