सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल जेएनसीटी प्रो यूनिवर्सिटी में मध्यप्रदेश काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी द्वारा प्रायोजित राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विज्ञान एवं अनुसंधान से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विजय कुमार पूर्व वैज्ञानिक एवं पूर्व निदेशक, भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर ने अपने संबोधन में रमन प्रभाव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह खोज महान भारतीय वैज्ञानिक सी. वी. रमन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसने विज्ञान के क्षेत्र में भारत की पहचान को विश्व स्तर पर स्थापित किया। कार्यक्रम में अनिल प्रकाश (सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय) ने अपने व्याख्यान में बताया कि विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन के प्रत्येक पहलू से जुड़ा हुआ है। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि विज्ञान किस प्रकार हमारी रोजमर्रा की गतिविधियों को सरल और प्रभावी बनाता है। दूसरे वक्ता प्रशांत वी. बरेदार (प्रोफेसर, मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानन विकसित भारत 2047 के निर्माण में अनुसंधान एवं नवाचार की भूमिका समावेशी विकास का रोडमैप विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी विकास को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर कुलपति गोविंद भार्गव एवं कुलसचिव मोहित पांड्या भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। संस्थान की चेयरपर्सन पूनम चौकसे ने अपने संदेश में कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम की संयोजक अनामिका सक्सेना ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में ऋषु उपाध्याय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान विज्ञान से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के सभी प्राचार्यगण, शिक्षकगण, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना तथा अनुसंधान की भावना को प्रोत्साहित करना था।

#JNCT #राष्ट्रीय_विज्ञान_दिवस #विज्ञान #शिक्षा #विद्यार्थी #नवाचार #MPCST #ScienceDay