सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह के नेतृत्व में संस्थान जनस्वास्थ्य सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार अग्रसर है। इसी क्रम में “आपात स्वास्थ्य स्थितियों के लिए अस्पताल प्रशासकों की क्षमता संवर्धन” पर आधारित छह दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जो वर्तमान में चौथे दिन में प्रवेश कर चुका है।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम एम्स के समुदाय एवं पारिवारिक चिकित्सा विभाग तथा अस्पताल प्रशासन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अस्पताल प्रशासकों को आपदा की स्थिति में प्रभावी प्रबंधन की रणनीतियों से लैस करना है। प्रशिक्षण में HEIRS प्रणाली, रोगी वर्गीकरण, पूर्व-चिकित्सालय देखभाल, सामूहिक जनहानि प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, निकासी योजना और सीबीआरएनई आपदाओं से निपटने के तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान आपदा प्रबंधन के मानवीय पहलुओं—जैसे मनोसामाजिक प्रभाव, संचार रणनीतियां और सेवा निरंतरता—पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए हैं। इसमें एम्स के ट्रॉमा, सर्जरी, मनोरोग, क्रिटिकल केयर समेत विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों का योगदान रहा। मैनिट भोपाल के डॉ. अखिलेश बर्वे ने आपदा के समय लॉजिस्टिक योजना पर सत्र लिया। प्रशिक्षण के अंतिम दो दिनों में मॉक ड्रिल, फील्ड विज़िट और केस स्टडी चर्चाएं होंगी, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सकेगा। प्रो. सिंह ने कहा कि यह प्रशिक्षण स्वास्थ्य तंत्र की मजबूती के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश है।
#आपदाप्रबंधन #एम्सभोपाल #अस्पतालप्रशासन #स्वास्थ्यसुरक्षा #प्रशिक्षणकार्यक्रम