सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कइंटीग्रेटेड ट्रेडन्यूज़ भोपाल: टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (TCPL) कॉमर्शियल पेपर और राइट्स इश्यू के जरिए 6,500 करोड़ रुपए जुटाएगी। इसमें कॉमर्शियल पेपर्स जारी कर कंपनी ₹3500 करोड़ जुटाएगी। वहीं, राइट्स इश्यू के जरिए TCPL इक्विटी शेयर्स इश्यू कर ₹3000 करोड़ की राशि जुटाएगी।

कंपनी इससे कैपिटल फूड्स और ऑर्गेनिक इंडिया के अधिग्रहण के लिए पेमेंट करेगी। TCPL ने आज यानी शुक्रवार (19 जनवरी) को इस बात की जानकारी दी है। एक हफ्ते पहले 12 जनवरी को टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने चिंग्स सीक्रेट और स्मिथ एंड जोन्स ब्रांड की ओनर कंपनी कैपिटल फूड्स में 100% स्टेक्स खरीदने का ऐलान किया था।

यह डील ₹5100 करोड़ में पूरी होगी। इसके अलावा कंपनी ने ऑर्गेनिक इंडिया के अधिग्रहण की भी घोषणा की थी। कंपनी ने यह डील ₹1900 करोड़ में फाइनल की है। यह डील पूरी तरह कैश में होगी। इस डील के साथ ही टाटा ग्रुप की यह कंपनी हेल्थ एंड वैलनेस कैटेगरी में एंट्री कर लेगी।

कॉमर्शियल पेपर क्या हैं?

कॉमर्शियल पेपर शॉर्ट-टर्म डेट इंस्ट्रूमेंट्स होते हैं। छोटी अवधी के लिए फंड की जरूरतों को पूरा करने के लिए बड़ी कंपनियां इसे इश्यू करती हैं। कंपनियां इसे एक प्रतिज्ञापत्र यानी प्रॉमिसरी नोट के तौर पर जारी कर मार्केट से अनसिक्योर्ड लोन लेती हैं।

राइट्स इश्यू करना क्या होता है?

शेयर बाजारों में सूचीबद्ध कंपनियां पूंजी जुटाने के लिए राइट्स इश्यू करती हैं। इसके तहत कंपनियां अपने मौजूदा शेयरधारकों को ही अतिरिक्त शेयर खरीदने को मंजूरी देती हैं। शेयरधारक कंपनी की ओर से तय अवधि में ही राइट्स इश्यू के तहत शेयर खरीद सकते हैं।

राइट्स इश्यू के तहत शेयरधारक एक निश्चित अनुपात में ही शेयर खरीद सकते हैं। यह अनुपात कंपनी तय करती है। इसे एक उदाहरण से समझिए… मान लीजिए कंपनी ने राइट्स इश्यू के लिए 1:3 का अनुपात तय किया है। इसका मतलब यह है कि शेयरधारक अपने पास पहले से मौजूद 3 शेयर पर एक अतिरिक्त शेयर खरीद सकता है।

फैब इंडिया के पास ऑर्गेनिक इंडिया में 64% हिस्सेदारी

फैब इंडिया के पास ऑर्गेनिक इंडिया में 64% की हिस्सेदारी है, जो हजारों छोटे किसानों के साथ मिलकर काम करती है। ऑर्गेनिक इंडिया चाय इन्फ्यूजन, हर्बल सप्लीमेंट, स्टैपल एंड पैकेज्ड फूड्स और पर्सनल केयर के साथ अन्य प्रोडक्ट बनाती है।

टाटा के पोर्टफोलियो में टी, कॉफी और फूड शामिल

टाटा कंज्यूमर के पोर्टफोलियो में टी, कॉफी, लिक्विड बेवरेज और फूड शामिल है। टाटा कंज्यूमर यूके की चाय कंपनी टेटली का भी मालिक है। स्टारबक्स के साथ भी टाटा की साझेदारी है।

टाटा कंज्यूमर का मार्केट कैप ₹1.07 लाख करोड़

टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड टाटा ग्रुप की 7वीं ऐसी कंपनी है, जिसका मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपए के पार है। आज कंपनी के शेयर में उतार-चढ़ाव से साथ 0.64% की तेजी देखने को मिल रही है। दोपहर 1:40 बजे यह ₹1,154 पर कारोबार कर रहा है। कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप ₹1.07 लाख करोड़ है।