सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: करवा चौथ पर बादलों ने रोकी चांद की राह, वीडियो कॉल से किए दर्शन

करवा चौथ के पावन अवसर पर इस बार मौसम ने व्रत रखने वाली महिलाओं के उत्साह के बीच कुछ परेशानी खड़ी कर दी। आसमान में बादल छाए रहने और चांद दिखाई नहीं देने के कारण कई महिलाओं को चंद्र दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ा। ऐसे में कुछ महिलाओं ने वीडियो कॉल के माध्यम से चांद के दर्शन किए, जबकि कुछ ने भगवान शिव के मस्तक पर विराजमान चंद्रमा के दर्शन कर व्रत का पारंपरिक अनुष्ठान पूरा किया।

करवा चौथ पर महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखकर पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। शाम को सोलह शृंगार कर पूजा की थाली सजाई और सामूहिक रूप से करवा माता की पूजा-अर्चना की। कई कॉलोनियों और आवासीय परिसरों में महिलाओं ने एक साथ एकत्र होकर कथा सुनी और पूजा की रस्में निभाईं।

रात में चांद निकलने के समय मौसम बाधा बना रहा। बादलों के कारण कई स्थानों पर चंद्रमा के स्पष्ट दर्शन नहीं हो सके। इस स्थिति में महिलाओं ने परिवार के सदस्यों से वीडियो कॉल के जरिए चांद दिखाने का अनुरोध किया। वहीं, कुछ महिलाओं ने मंदिरों में भगवान शिव के मस्तक पर सुशोभित चंद्रमा के दर्शन कर व्रत खोला। मौसम की बाधा के बावजूद महिलाओं की आस्था और उत्साह में कमी नहीं दिखी। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया यह पर्व परिवार और सामाजिक मेलजोल का अवसर भी बना।


Hashtags: #ChhattisgarhState #Bhopal #करवा #चौथ #बादलों #रोकी #चांद #राह #वीडियो #करवाचौथपरबादलों