ITDC India e-Press / Agencies

कोरबा कोरबा जिले में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक एमएस टीम्स के माध्यम से समिति अध्यक्ष बिश्वरूप बसु की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में राजभाषा प्रयोग, प्रचार-प्रसार तथा कार्यान्वयन के विभिन्न मदों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा सभी सदस्य-कार्यालयों से इन पर संवेदन शीलता के साथ कार्यवाही करने का अनुरोध किया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति अध्यक्ष बिश्वरूप बसु, कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी कोरबा ने सभी सदस्य-कार्यालय के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए अपने सम्बोधन में कहा कि नराकास के माध्यम से हमें आपसी विमर्श करने का मौका मिला है। हमें राजभाषा संबंधी गतिविधियों को एक-दूसरे से साझा करते हुए हिन्दी कार्यान्वयन को सुदृढ़ करना है।

श्री बसु ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग से हम राजभाषा हिन्दी को प्रतिष्ठित करने में सफल होंगे। बैठक के दौरान आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत एनटीपीसी कोरबा द्वारा नराकास सदस्य-कार्यालयों के लिए करवाई गई निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को समिति अध्यक्ष द्वारा पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

इस बैठक में एनटीपीसी के मानव संसाधन प्रमुख मनोरंजन सारंगी सहित सदस्य कार्यालयों के कार्यालय प्रमुख और राजभाषा पदाधिकारी शामिल थे। बैठक का संचालन नराकास के नवागत सदस्य-सचिव पवन कुमार मिश्र, प्रबन्धक (राजभाषा) एनटीपीसी ने किया।